Agriculture

खेती के लिए कैसे और किसे मिलता है ड्रोन, इस पर कितनी सब्सिडी?

N
ABP News
October 2, 2026•3 min read
खेती के लिए कैसे और किसे मिलता है ड्रोन, इस पर कितनी सब्सिडी?

Drone Subsidy For Farmers: खेती में ड्रोन का इस्तेमाल अब तेजी से बढ़ रहा है. खेतों में खाद और कीटनाशक का छिड़काव करने से लेकर फसल की निगरानी तक, ड्रोन किसानों का समय और मेहनत बचा सकते हैं. इसी को बढ़ावा देने के लिए सरकार अलग-अलग योजनाओं के तहत ड्रोन खरीदने पर आर्थिक मदद दे रही है. हालांकि, अलग-अलग किसान वर्ग और संस्थाओं के लिए सब्सिडी की राशि भी अलग है. वहीं, महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत 8 लाख रुपये तक की मदद का प्रावधान है.

किसान ड्रोन की मदद से खेत में कम समय में खाद और कीटनाशक का छिड़काव कर सकते हैं. बड़े खेतों में इससे छिड़काव का काम आसान हो जाता है. कई जगह ड्रोन से फसल पर नजर रखने और खेत की स्थिति देखने का काम भी किया जा रहा है.

ड्रोन खरीदने पर किसे कितनी सब्सिडी?

ड्रोन खरीदने पर सरकार अलग-अलग लोगों को अलग-अलग सब्सिडी देती है. यह मदद SMAM के तहत दी जाती है.

  • छोटे और सीमांत किसान, महिला किसान, एससी/एसटी किसान और पूर्वोत्तर राज्यों के किसानों को ड्रोन की कीमत का 50 फीसदी तक पैसा मिल सकता है. यह मदद अधिकतम 5 लाख रुपये तक होगी.
  • दूसरे किसानों को ड्रोन खरीदने पर 40 फीसदी तक सब्सिडी मिल सकती है. अधिकतम 4 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी.
  • कृषि स्नातक अगर कस्टम हायरिंग सेंटर शुरू करते हैं, तो ड्रोन खरीदने पर 50 फीसदी तक, अधिकतम 5 लाख रुपये की मदद मिल सकती है.
  • सहकारी समिति, एफपीओ और ग्रामीण उद्यमियों के कस्टम हायरिंग सेंटर को ड्रोन खरीदने पर 40 फीसदी तक, अधिकतम 4 लाख रुपये की सहायता मिल सकती है.

एफपीओ को खेतों में ड्रोन का प्रदर्शन करने के लिए लागत का 75 फीसदी तक अनुदान मिल सकता है. ध्यान रखें कि यह ड्रोन खरीदने पर सीधे 75 फीसदी सब्सिडी नहीं है, बल्कि खेतों में ड्रोन का प्रदर्शन करने के लिए दी जाने वाली मदद है.

यह भी पढ़ें: 6 लाख तक लोन, सिर्फ 6 फीसदी ब्याज! किसानों के लिए CM योगी की खास योजना

नमो ड्रोन दीदी योजना में 8 लाख रुपये तक मदद

महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए नमो ड्रोन दीदी योजना खास है. इसके तहत चुने गए महिला SHG को ड्रोन और उससे जुड़े सामान की लागत का 80 फीसदी तक, अधिकतम 8 लाख रुपये तक की केंद्रीय मदद दी जाती है. बाकी रकम के लिए कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत 3 फीसदी ब्याज सहायता वाला कर्ज लेने का प्रावधान है.

ड्रोन के लिए आवेदन कैसे करें?

किसान कृषि मशीनीकरण पोर्टल (agrimachinery.nic.in) पर आवेदन कर सकते हैं. पोर्टल पर किसान के साथ Entrepreneur और Society/SHG/FPO के लिए भी लॉगिन विकल्प मौजूद हैं. आवेदन करते समय किसान को अपनी जानकारी, जमीन से जुड़ी जानकारी और जरूरी दस्तावेज देने होते हैं. ड्रोन खरीदने से पहले संबंधित राज्य के कृषि विभाग से यह भी पता कर लेना चाहिए कि उस समय किस श्रेणी में कितनी सब्सिडी और लक्ष्य उपलब्ध है. इसके बाद आवेदन का वेरिफिकेशन होने पर दिए गए प्रोसेस के अनुसार ड्रोन खरीदा जा सकता है.

यह भी पढ़ें: गेहूं की इस किस्म से 74 क्विंटल तक पैदावार, रबी में मिलेगा बंपर उत्पादन

Topics & Tags:#Agriculture
खेती के लिए कैसे और किसे मिलता है ड्रोन, इस पर कितनी सब्सिडी? | Kisan Reporter