Agriculture

कितने की मिलती है अंकोले वातुसी गाय, एक दिन में कितना दूध देती है?

N
ABP News
September 21, 20262 min read
कितने की मिलती है अंकोले वातुसी गाय, एक दिन में कितना दूध देती है?

दुनिया में कई ऐसी गायों की नस्लें हैं जो अपने दूध उत्पादन से ज्यादा अपने अनोखे रूप और ऐतिहासिक महत्व के लिए जानी जाती हैं. अंकोले वातुसी भी ऐसी ही एक खास अफ्रीकी नस्ल है. इसके सिर पर लगे बेहद बड़े और लंबे सींग इसकी सबसे बड़ी पहचान हैं. इसे अफ्रीकी संगा समूह की नस्ल माना जाता है और इसका इतिहास हजारों साल पुराना बताया जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं इस गाय से जुड़ी कुछ खास बातों के बारे में.

अंकोले वातुसी की कीमत

विदेशी बाजार में अंकोले वातुसी की कीमत 1,000 अमेरिकी डॉलर तक बताई जाती है. वहीं भारतीय बाजार की बात करें, तो इसकी कीमत लगभग 80,000 से 85,000 रुपये या उससे अधिक बताई जाती है. क्योंकि यह एक विदेशी गाय है, इसलिए यदि इसे आयात किया जाए, तो इसकी कीमत परिवहन, कागजी कार्रवाई और टैक्स के कारण और भी अधिक हो जाती है.

एक दिन में कितना दूध देती है?

अगर आप अंकोले वातुसी को केवल दूध उत्पादन के नजरिए से देख रहे हैं, तो यह बहुत अधिक दूध देने वाली नस्ल नहीं है. यह नस्ल मुख्य रूप से अधिक दूध के लिए नहीं, बल्कि अपने बड़े-बड़े सींगों और मांस के लिए जानी जाती है. पारंपरिक देखरेख में यह प्रतिदिन केवल 1 से 3 लीटर दूध देती है. वहीं इसकी कुछ बेहतर या क्रॉसब्रीड नस्लें 5 से 7 लीटर तक दूध दे सकती हैं.

यह भी पढ़ें: आवारा मवेशियों ने फसल कर दी खराब, जान लें मुआवजा मिलेगा या नहीं

सींग की खासियत

अंकोले वातुसी के सींग इसे दुनिया की सबसे आसानी से पहचानी जाने वाली गायों में शामिल करते हैं. इनके सींगों का फैलाव बहुत बड़ा होता है. कुछ गायों में सींगों की नोक से नोक तक दूरी 2.4 मीटर तक बताई गई है. इन सींगों में रक्त वाहिकाओं का जाल होता है, जिसे शरीर की गर्मी नियंत्रित करने में मददगार माना जाता है. यह विशेषता गर्म अफ्रीकी जलवायु में रहने के अनुकूल से जुड़ी है.

कितने वजन की होती है?

आम अंकोले वातुसी गायों का वजन लगभग 410 से 540 किलोग्राम के बीच बताया जाता है. इस नस्ल की एक और खासियत यह है कि यह कम भोजन और पानी तथा कठिन जलवायु परिस्थितियों में भी जीवित रह सकती है. यही कारण है कि इसे अफ्रीकी पशुपालन परंपराओं में लंबे समय से महत्व मिला है.

यह भी पढ़ें: काले रंग की मुर्गी महंगी क्यों होती है, इनमें क्या होता है खास?

Topics & Tags:#Agriculture
कितने की मिलती है अंकोले वातुसी गाय, एक दिन में कितना दूध देती है? | Kisan Reporter