खेती किसानी करना आज के दौर में सिर्फ मेहनत का काम नहीं रहा. बल्कि इसमें लागत भी बहुत ज्यादा लगने लगी है. अच्छे बीज, खाद, कीटनाशक और समय पर सिंचाई के लिए किसानों को हर कदम पर पैसों की जरूरत पड़ती है. ऐसे में अगर समय पर पैसे नहीं मिले तो किसानों को मजबूरन कर्ज लेना पड़ता है. जिसके चलते उनपर बोझ काफी बढ़ जाता है. किसानों की इस बड़ी आर्थिक परेशानी को दूर करने के लिए सरकारें समय-समय पर कई तरह की योजनाएं लाती रहती हैं, जिससे कि अन्नदाताओं को राहत मिल सके.
केन्द्र सरकार की ओर से और देश के अलग-अलग राज्यों की सरकारों की ओर से कई योजनाएं चलाई जाती हैं. इस कड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार की एक ऐसी ही शानदार योजना किसानों के लिए लाई गई है. जिसके तहत बहुत ही कम ब्याज दर पर खेती के लिए कर्ज मुहैया कराया जाता है. चलिए आपको बताते हैं इस योजना के बारे में पूरी जानकारी कैसे और कितना मिलता है लोन, जान लें हर चीज.
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना में कम ब्याज
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही इस खास योजना का मकसद किसानों को कर्ज के बोझ से बचाना और उन्हें खेती के लिए आसानी से आर्थिक मदद दिलाना है. आम तौर पर बैंक कृषि लोन पर जो ब्याज वसूलते हैं वह कई बार किसानों के लिए चुकाना बहुत भारी पड़ जाता है. जिससे वे और ज्यादा बोझ में घिर जाते हैं. इस योजना के तहत सरकार किसानों को केवल 6 प्रतिशत की बेहद कम ब्याज दर पर लोन उपलब्ध कराती है. जिससे वे बिना किसी परेशानी के अपनी खेती को आगे बढ़ा सकें.
इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि किसानों को बैंकों के चक्कर नहीं काटने पड़ते और उन्हें बहुत ही किफायती दरों पर पूंजी मिल जाती है. जब कर्ज सस्ता मिलता है तो खेती की कुल लागत अपने आप कम हो जाती है और फसल कटने के बाद मुनाफा सीधा किसानों की जेब में पहुंचता है. सरकार का यह कदम ग्रामीण इलाकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक बहुत बड़ा और ठोस कदम साबित हो रहा है.

लोन लेने के लिए जरूरी पात्रता और शर्तें
किसी भी सरकारी योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ नियम और शर्तें तय होती हैं, जिनके दायरे में आना किसानों के लिए बेहद जरूरी होता है. इस योजना का फायदा उठाने के लिए सबसे पहली शर्त यह है कि आवेदक किसान उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए और उसके पास खेती योग्य अपनी जमीन होनी चाहिए. इसके अलावा किसान के पास जमीन के सभी कानूनी दस्तावेज, खसरा-खतौनी और आधार कार्ड जैसे जरूरी कागजात अपडेट होने चाहिए जिससे वेरिफिकेशन में कोई रुकावट न आए.
बैंक से लोन पास कराते समय यह भी देखा जाता है कि किसान का पुराना कोई बड़ा बैंक डिफॉल्ट या फिर कोई विवाद तो नहीं चल रहा है. इसलिए आपका फाइनेंशियल रिकॉर्ड साफ-सुथरा होना बहुत जरूरी है. अगर आप इन सभी तय मानकों को पूरा करते हैं. तो आपको बहुत ही आसानी से इस कम ब्याज वाले कृषि ऋण का लाभ मिल जाएगा. कागजी कार्रवाई को पहले से ही सही रखेंगे तो बैंक अधिकारियों के चक्कर काटने से भी छुटकारा मिल जाता है और समय पर पैसा हाथ में आ जाता है.

यह भी पढ़ें: ये है दुनिया का सबसे महंगा गधा, इसकी कीमत में आ जाएगी चमचमाती स्विफ्ट
आवेदन करने का तरीका
इस योजना में लाभ लेने के लिए किसानों को अपने नजदीकी कमर्शियल बैंक, ग्रामीण बैंक या सहकारी समिति से संपर्क करना होता है. जहां इस योजना के तहत आवेदन फॉर्म आसानी से मिल जाता है. फॉर्म के साथ अपने जमीन के कागजात, बैंक पासबुक और पहचान पत्र की कॉपी लगाकर जमा करनी होती है, जिसके बाद बैंक स्तर पर कागजों की जांच की जाती है.
जैसे ही आपका आवेदन स्वीकृत होता है. वैसे ही तय रकम आपके खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है. जिसका इस्तेमाल आप खाद, बीज या कृषि यंत्र खरीदने में कर सकते हैं. इस योजना के जरिए मिलने वाले 6 प्रतिशत ब्याज दर के लोन से किसानों पर ज्यादा बोझ नहीं आता है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली की किस मंडी में मिलेगा आपकी फसल का सही दाम? समझें हिसाब
