खेती में जितनी मेहनत फसल उगाने में लगती है. उससे कहीं ज्यादा मशक्कत उसे सही दाम पर बेचने में करनी पड़ती है. देश की राजधानी दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में जब किसान अपनी फसल लेकर आते हैं. तो उनके मन में बस यही सवाल घूमता रहता है कि आखिर उनकी मेहनत का असली दाम किस मंडी में मिलेगा. बिचौलियों के जाल और ट्रांसपोर्ट के खर्च के चक्कर में कई बार किसानों को लागत तक निकालना भारी पड़ जाता है.
अगर आप भी इस बात से परेशान रहते हैं कि अपनी फसल लेकर कहां जाएं. तो अब पुराने तरीकों को छोड़कर कुछ अलग करने का वक्त आ गया है. दिल्ली की मंडियों का पूरा गणित, खरीदारों का मिजाज और बाजार की नब्ज को समझना बेहद जरूरी हो चुका है. चलिए आपको बताते हैं कि दिल्ली के किस बाजार में आपकी फसल बढ़िया भाव बिक सकती है.
गाजीपुर मंडी इन किसानों के लिए सबसे सही जगह
अगर आप उत्तर प्रदेश या पूर्वी इलाकों से अपनी फसल लेकर दिल्ली की तरफ रुख कर रहे हैं. तो पूर्वी दिल्ली की गाजीपुर मंडी आपके लिए सबसे बड़ा और फायदेमंद सेंटर साबित हो सकती है. नेशनल हाईवे के बिल्कुल करीब होने की वजह से यहां गाड़ियों की आवाजाही बहुत आसान है. जिससे ट्रांसपोर्ट का खर्चा भी काफी हद तक बच जाता है. इस मंडी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां सब्जियों, फलों और अनाजों की बंपर खपत होती है. क्योंकि यहां से गाजियाबाद, नोएडा और पूर्वी दिल्ली के बड़े-बड़े लोकल बाजारों में सप्लाई जाती है.
किसानों के लिए यहां यह जानना जरूरी है कि सुबह तड़के समय यहां नीलामी शुरू होती है. अगर आप चाहते हैं कि आपकी फसल को बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम में न बेचना पड़े. तो थोड़ा पहले पहुंचकर सीधे आढ़तियों से संपर्क करें और आजकल ई-नाम पोर्टल्स के जरिए डिजिटल भाव की भी पूरी जानकारी मिल जाती है. सही समय पर सही क्वालिटी का माल उतारने से गाजीपुर में आपको आपकी उम्मीद से ज्यादा और हाथों-हाथ बढ़िया दाम मिल सकते हैं.

आज़ादपुर मंडी एशिया की सबसे बड़ी मार्केट
दिल्ली की आजादपुर मंडी एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी मंडी है. इसके चलते यहां देश के कोने-कोने से व्यापारी और खरीदार पहुंचते हैं. अगर आपके पास बंपर पैदावार है और आप थोक के भाव में सबसे बड़ा मुनाफा कमाना चाहते हैं. तो आजादपुर का रुख करना आपके लिए बढ़िया साबित हो सकता है. यहां आने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको कभी भी मांग की कमी नहीं खटकेगी. क्योंकि यहां रोजाना हजारों टन माल बिकता और खप जाता है.
हालांकि इतनी बड़ी मंडी है तो यहां कंपटीशन बहुत तगड़ा होता है. इसलिए आपकी फसल की क्वालिटी, उसकी पैकिंग और छंटाई एकदम अव्वल दर्जे की होनी चाहिए. अगर माल हल्का हुआ तो भीड़भाड़ में सही भाव मिलने में दिक्कत आ सकती है. इसलिए मंडी के अंदर दाखिल होने से पहले अलग-अलग शेड्स और रेट्स का जायजा ले लेंय और बाजार के रोजाना के ट्रेंड को भांपते हुए ही अपने माल की बोली लगवाएं.

यह भी पढ़ें: यूपी में इस सर्दी किस फसल का रहेगा दबदबा? अभी से कर लें तैयारी
नरेला और नजफगढ़ की आधुनिक मंडियां
शहर के बीचों-बीच भारी ट्रैफिक और एंट्री के झंझट से बचना चाहते हैं. तो दिल्ली के बाहरी इलाकों में बनी नरेला और नजफगढ़ की अनाज और सब्जी मंडियां किसानों के लिए बढ़िया साबित हो रही हैं. खासकर हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी यूपी के उन किसानों के लिए जो शहर के अंदर बड़े जाम में फंसना नहीं चाहते. यह आधुनिक और व्यवस्थित बाजार बेहद आरामदायक हैं. इन मंडियों की सबसे अच्छी बात यह है कि यहां सरकारी नियमों का कड़ाई से पालन होता है और किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलने की पूरी उम्मीद रहती है.
इन इलाकों में बिचौलियों का शिकंजा शहर की बड़ी मंडियों के मुकाबले थोड़ा कम होता है. जिससे किसानों को सीधा फायदा पहुंचता है. अगर आप गेहूं, धान या दूसरे खाद्यान्न जैसी फसलें लेकर आ रहे हैं. तो नरेला की अनाज मंडी में आपको मार्डन तौल और बेहतर भंडारण सुविधाएं मिल जाएंगी. बस जरूरत इस बात की है कि मंडी आने से पहले अपनी फसल में नमी की मात्रा को चेक कर लें. क्योंकि तय मानकों पर खरी उतरने वाली फसल को यहां व्यापारी आंखों-आंखों में हाथों-हाथ खरीद लेते हैं और आपको मंडी के चक्कर भी नहीं काटने पड़ते.
यह भी पढ़ें: किसान योजना की 24वीं किस्त आपको मिलेगी या नहीं? देखें अपना स्टेटस
