Agriculture

बागवानी की ट्रेनिंग करा रही हरियाणा सरकार, आने-जाने और रहने की व्यवस्था मुफ्त

N
ABP News
October 6, 2026•3 min read
बागवानी की ट्रेनिंग करा रही हरियाणा सरकार, आने-जाने और रहने की व्यवस्था मुफ्त

Horticulture Training Haryana: अगर आप खेती के साथ बागवानी से जुड़ा काम शुरू करना चाहते हैं या फल, सब्जी, मशरूम और पॉलीहाउस जैसी तकनीकों को सही तरीके से सीखना चाहते हैं, तो आपके लिए काम की खबर है. हरियाणा के करनाल स्थित उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी की ओर से अक्टूबर 2026 में अलग-अलग विषयों पर 5 दिवसीय मुफ्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.

खास बात यह है कि ट्रेनिंग के दौरान रहने और खाने की व्यवस्था मुफ्त होगी, जबकि आने-जाने के लिए बस किराया DBT के जरिए दिया जाएगा. हरियाणा के सभी जिलों के इच्छुक लोग इसमें आवेदन कर सकते हैं.

5 अलग-अलग विषयों पर होगी ट्रेनिंग

अक्टूबर में कुल 5 ट्रेनिंग कार्यक्रम रखे गए हैं. इनमें कुल 180 सीटें हैं. पहली ट्रेनिंग 5 से 9 अक्टूबर तक फल और सब्जियों को सुरक्षित रखने, तैयार करने और उनसे दूसरे उत्पाद बनाने पर है. इसमें 40 सीटें थीं. इसके लिए अब आवेदन बंद हो चुके हैं. इसके बाद 12 से 16 अक्टूबर तक फल उत्पादन की ट्रेनिंग होगी. इसमें 40 सीटें हैं. इसके लिए 11 अक्टूबर शाम 5 बजे तक आवेदन किया जा सकता है. इसी दौरान नर्सरी चलाने और पौधों की देखभाल की ट्रेनिंग भी होगी. इसके लिए 9 अक्टूबर शाम 5 बजे तक आवेदन किया जा सकता है.

19 से 23 अक्टूबर तक सब्जियों और फूलों की संरक्षित खेती और पॉलीहाउस की देखभाल की ट्रेनिंग होगी. इसमें 40 सीटें हैं. इसके लिए 18 अक्टूबर शाम 5 बजे तक आवेदन किया जा सकता है. अक्टूबर की आखिरी ट्रेनिंग 26 से 30 अक्टूबर तक मशरूम की खेती और फसल तैयार होने के बाद उसकी देखभाल पर होगी. इसमें 40 सीटें हैं. इसके लिए 16 से 23 अक्टूबर तक आवेदन किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: भावांतर योजना का रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें आवेदन का पूरा तरीका

कौन कर सकता है आवेदन?

  • इस प्रशिक्षण के लिए आवेदक की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए.
  • हरियाणा के सभी जिलों के लोग आवेदन कर सकते हैं.
  • चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा.
  • जिन लोगों ने पहले किसी विषय पर प्रशिक्षण लिया है, उन्हें उसी विषय के लिए दोबारा आवेदन नहीं करना है.


ट्रेनिंग के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं

प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था पूरी तरह मुफ्त रहेगी. इसके अलावा बस किराया DBT के जरिए बैंक खाते में दिया जाएगा. प्रशिक्षण के लिए संस्थान पहुंचते समय आधार कार्ड, बैंक पासबुक और PAN कार्ड साथ लाना जरूरी है.

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

इच्छुक अभ्यर्थी हरियाणा उद्यान विभाग के प्रशिक्षण पोर्टल kaushal.hortharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा कार्य दिवसों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित जिला उद्यान अधिकारी, उद्यान विकास अधिकारी या उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी में जाकर भी पंजीकरण कराया जा सकता है. किसी जानकारी के लिए 8570077877 या टोल फ्री नंबर 18001802021 पर संपर्क किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त कब आएगी? जानें लेटेस्ट अपडेट

Topics & Tags:#Agriculture
बागवानी की ट्रेनिंग करा रही हरियाणा सरकार, आने-जाने और रहने की व्यवस्था मुफ्त | Kisan Reporter