Agriculture

क्या है एग्री वेलफेयर पोर्टल, किसानों को इससे कैसे मिलेगा का लाभ?

N
ABP News
October 20, 2026•3 min read
क्या है एग्री वेलफेयर पोर्टल, किसानों को इससे कैसे मिलेगा का लाभ?

Agri Welfare Portal: खेती-किसानी से जुड़ी किसी सरकारी योजना की जानकारी लेनी हो या सब्सिडी के लिए आवेदन करना हो, तो किसानों को कई बार अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. कई बार सही जानकारी समय पर नहीं मिल पाती, जिससे किसान योजना का फायदा लेने से भी चूक जाते हैं. किसानों की इसी परेशानी को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने एग्री वेलफेयर पोर्टल शुरू किया है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एग्री वेलफेयर पोर्टल को किसानों को समर्पित किया है. इसका मकसद खेती से जुड़ी सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराना है.

एग्री वेलफेयर पोर्टल एक ऐसा ऑनलाइन मंच है, जहां किसानों को कृषि मंत्रालय की योजनाओं, सब्सिडी, नियमों और दूसरी डिजिटल सेवाओं की जानकारी मिल सकेगी. इसके लिए किसानों को हर जानकारी के लिए अलग-अलग वेबसाइट तलाशने की जरूरत कम होगी. वे अपने मोबाइल से ही खेती से जुड़ी जरूरी जानकारियां देख सकेंगे. इससे समय बचेगा और सरकारी योजनाओं को समझना भी आसान होगा.

किसानों को कैसे मिलेगा इसका फायदा?

इस पोर्टल की मदद से किसान सरकारी योजनाओं के बारे में जान सकेंगे और अपनी जरूरत के हिसाब से जानकारी हासिल कर सकेंगे. कौन सी योजना के लिए आवेदन किया जा सकता है, किन शर्तों को पूरा करना जरूरी है और सब्सिडी कैसे मिलती है, जैसी जानकारियां एक ही जगह मिल सकेंगी. पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन और पात्रता जांच जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं. योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता राशि सीधे बैंक खाते में भेजने की व्यवस्था यानी डीबीटी से जुड़ी जानकारी भी किसानों के काम आ सकती है.

मौसम से लेकर मंडी भाव तक की जानकारी

खेती में सही समय पर सही जानकारी मिलना बहुत जरूरी है. मौसम में बदलाव, बीज और खाद की उपलब्धता या मंडी में फसल के भाव का असर किसान के फैसले पर पड़ता है. एग्री वेलफेयर पोर्टल के जरिए किसानों तक मौसम, खेती के नए तरीकों और बाजार से जुड़ी जरूरी जानकारी पहुंचाने का लक्ष्य है. इससे किसान बुवाई, फसल की देखभाल और उपज बेचने की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे.

यह भी पढ़ें: कभी भी आ सकती है किसान निधि की 24वीं किस्त, लेकिन ये किसान होंगे मायूस

गांवों में भी आसानी से चलेगा पोर्टल

ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट की रफ्तार कम होने पर कई वेबसाइट ठीक से नहीं खुलतीं. इसी बात को ध्यान में रखकर इस पोर्टल को हल्का और आसान बनाने पर जोर दिया गया है, ताकि सामान्य स्मार्टफोन और कमजोर इंटरनेट कनेक्शन पर भी इसे इस्तेमाल किया जा सके. इसका डिजाइन दिव्यांग लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर भी तैयार किया गया है. स्क्रीन पर मौजूद जानकारी पढ़ने वाले खास सॉफ्टवेयर और सरल विकल्पों की मदद से वे भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे.

किसानों को क्या करना चाहिए?

किसान एग्री वेलफेयर पोर्टल पर जाकर अपने काम की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देख सकते हैं. आवेदन करने से पहले योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और नियम ध्यान से पढ़ें. ध्यान रखें कि पोर्टल पर जानकारी मिलने का मतलब यह नहीं कि हर किसान को हर योजना का लाभ मिल जाएगा.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र के किन किसानों को मिलेंगे 5000 रुपये, सीएम ने किया था ऐलान

Topics & Tags:#Agriculture
क्या है एग्री वेलफेयर पोर्टल, किसानों को इससे कैसे मिलेगा का लाभ? | Kisan Reporter