Kisan Credit Card: खेती के सीजन में पैसे की जरूरत पड़ते ही किसानों को अक्सर बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. ऐसे में अब KCC लोन लेने के लिए यह भागदौड़ कम हो सकती है. सरकार ने किसानों के लिए कृषिका (KRISHIKA) मोबाइल ऐप की सुविधा शुरू की है, जिसके जरिए मोबाइल से घर बैठे KCC के लिए आवेदन किया जा सकेगा.
इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत ये है कि, इसके जरिए आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी. इससे किसानों को बैंक शाखाओं के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी. ऐसे में जिन किसानों को खेती के लिए लोन की जरूरत है, वे KCC के लिए डिजिटल माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, लोन की मंजूरी किसान की पात्रता, दस्तावेजों और संबंधित बैंक की जांच पर निर्भर करेगी.
क्या है KRISHIKA ऐप?
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने किसानों को बैंक से कर्ज लेने में आसानी के लिए कृषिका ऐप तैयार किया है. इसका मकसद खास तौर पर उन किसानों तक किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की सुविधा पहुंचाना है, जो अभी तक बैंक से मिलने वाले कृषि कर्ज से नहीं जुड़े हैं. इस ऐप की मदद से किसान खुद KCC के लिए आवेदन कर सकते हैं. कृषि सखी, CSC और बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट भी किसानों को आवेदन करने में मदद कर सकते हैं. आवेदन करने के बाद किसान अपने आवेदन की जानकारी और उसकी स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं.
मोबाइल से कैसे करें KCC के लिए आवेदन?
- किसान कृषिका ऐप को Google Play Store से डाउनलोड कर सकते हैं.
- इसके बाद मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन कर जरूरी जानकारी भरनी होगी.
- आवेदन में किसान को अपनी खेती, जमीन, फसल और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी देनी पड़ सकती है.
इसके साथ आधार कार्ड, जमीन से जुड़े दस्तावेज, बैंक खाते की जानकारी, फोटो और जरूरत के मुताबिक PAN कार्ड जैसे कागजात तैयार रखने चाहिए. दस्तावेजों की जांच के बाद आवेदन संबंधित बैंक की प्रक्रिया में आगे बढ़ता है. किसान आवेदन की स्थिति भी डिजिटल माध्यम से देख सकते हैं.

यह भी पढ़ें: लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त कब आएगी? जानें लेटेस्ट अपडेट
कौन ले सकता है KCC का लाभ?
KCC का फायदा सिर्फ जमीन के मालिक किसानों को ही नहीं मिलता. इसके तहत पात्र किसान, संयुक्त रूप से खेती करने वाले किसान, बटाई पर खेती करने वाले और किराए की जमीन पर खेती करने वाले किसान भी शामिल हैं. किसान स्वयं सहायता समूह (SHG) और संयुक्त देयता समूह (JLG) भी KCC का लाभ ले सकते हैं. इसके अलावा डेयरी, मछली पालन और पशुपालन जैसे काम करने वाले लोगों को भी KCC के दायरे में शामिल किया गया है.
KCC में अब 5 लाख रुपये तक की लिमिट
KCC में अब किसानों के लिए कर्ज की सीमा बढ़ाई गई है. संशोधित ब्याज सहायता योजना के तहत किसान KCC से 5 लाख रुपये तक का कर्ज ले सकते हैं. वहीं, 2 लाख रुपये तक के कृषि कर्ज के लिए किसी गारंटी की जरूरत नहीं होगी. पात्र किसानों को 3 लाख रुपये तक के फसल कर्ज पर 7 फीसदी ब्याज दर का फायदा मिलता है. अगर किसान समय पर कर्ज चुका देते हैं, तो उन्हें ब्याज में छूट भी मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: कितने की आती है एक खाद की बोरी, इस पर कितनी सब्सिडी देती है सरकार?
