Agriculture

महिला किसान न करें ये गलतियां, वरना अटक सकता है PM Kisan का पैसा

N
ABP News
October 6, 2026•3 min read
महिला किसान न करें ये गलतियां, वरना अटक सकता है PM Kisan का पैसा

PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि यानी पीएम किसान को लेकर महिला किसानों के मन में अक्सर सवाल रहता है कि क्या उन्हें भी इस योजना का फायदा मिलता है? इसका जवाब है हां. पात्रता की शर्तें पूरी करने वाली महिला किसान भी पीएम किसान के तहत सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक मदद पा सकती हैं. खास बात यह है कि यह योजना सिर्फ पुरुष किसानों तक सीमित नहीं है. जून 2026 में जारी 23वीं किस्त में 2.18 करोड़ महिला किसानों को भी लाभ मिला था.

पीएम किसान का लाभ लेने के लिए किसान परिवार के पास खेती योग्य जमीन होना जरूरी है. महिला किसान के मामले में जमीन का रिकॉर्ड उसके नाम होना महत्वपूर्ण है. अगर कृषि भूमि केवल पति या परिवार के किसी दूसरे सदस्य के नाम दर्ज है, तो सिर्फ महिला होने के आधार पर उसके नाम अलग से पीएम किसान की किस्त नहीं मिलेगी.

एक परिवार में पति-पत्नी दोनों को नहीं मिलेगी किस्त

पीएम किसान में किसान परिवार की परिभाषा में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चे शामिल हैं. एक पात्र किसान परिवार को सालाना 6,000 रुपये मिलते हैं, जो 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजे जाते हैं. यानी पति पहले से इस योजना का लाभ ले रहे हैं तो पत्नी के नाम अलग से आवेदन करके उसी परिवार के लिए दूसरी 6,000 रुपये की सहायता नहीं ली जा सकती. पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट ने ऐसे मामलों में एक से ज्यादा परिवार सदस्यों को लाभ मिलने पर जांच की बात भी कही है.

इन महिलाओं को नहीं मिलेगा योजना का लाभ

सिर्फ जमीन का मालिक होना ही काफी नहीं है. अगर किसी व्यक्ति ने पिछले साल इनकम टैक्स भरा है, तो वह इस योजना का लाभ नहीं ले सकता. इसके अलावा मौजूदा या पूर्व संवैधानिक पद पर रह चुके लोग, कुछ सरकारी कर्मचारी और 10,000 रुपये या उससे ज्यादा मासिक पेंशन पाने वाले रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी भी योजना से बाहर हैं. डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट और आर्किटेक्ट जैसे कुछ पेशेवरों को भी योजना का लाभ नहीं मिलता.

यह भी पढ़ें: लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त कब आएगी? जानें लेटेस्ट अपडेट

e-KYC और बैंक की जानकारी सही रखें

  • पात्र महिला किसान को पीएम किसान का लाभ पाने के लिए e-KYC पूरा करना जरूरी है.
  • आधिकारिक पोर्टल पर OTP आधारित e-KYC के अलावा बायोमेट्रिक सुविधा भी उपलब्ध है.
  • बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी सही होना भी जरूरी है.
  • किसान पीएम किसान पोर्टल के Know Your Status विकल्प से भुगतान और e-KYC की स्थिति देख सकते हैं.

योजना 2030-31 तक जारी रहेगी

महिला किसानों के लिए यह योजना आगे भी जारी रहेगी. जुलाई 2026 में केंद्र सरकार ने पीएम किसान को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने को मंजूरी दी है. इस अवधि के लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है. योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की सहायता मिलती रहेगी. इसलिए महिला किसान आवेदन करने से पहले जमीन का रिकॉर्ड, परिवार में पहले से मिल रहा पीएम किसान लाभ, e-KYC, आधार और बैंक खाते की जानकारी जरूर जांच लें.

यह भी पढ़ें: घर बैठे कैसे बनता है किसान क्रेडिट कार्ड, जान लें तरीका?

Topics & Tags:#Agriculture
महिला किसान न करें ये गलतियां, वरना अटक सकता है PM Kisan का पैसा | Kisan Reporter