Agriculture

Shrimp Farming: झींगा की खेती कैसे कर सकते हैं किसान, इसके लिए कितनी जमीन चाहिए?

N
ABP News
November 15, 2026•4 min read
Shrimp Farming: झींगा की खेती कैसे कर सकते हैं किसान, इसके लिए कितनी जमीन चाहिए?

किसान पारंपरिक फसलों के साथ-साथ कमाई के नए विकल्प भी तलाश रहे हैं. ऐसे में अगर आप भी बेहतर आमदनी की तलाश कर रहे हैं, तो झींगा की खेती आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकती है. बदलते समय में मछली पालन के अलावा झींगा पालन भी किसानों के बीच एक अच्छा व्यवसाय बनकर उभर रहा है. देश-विदेश में झींगे की मांग होने के कारण इसकी व्यावसायिक खेती से अच्छी आमदनी की संभावना रहती है.

खास बात यह है कि इसके लिए बहुत बड़े खेत की जरूरत नहीं होती, बल्कि सही जमीन, पानी और तकनीक की मदद से सीमित क्षेत्र में भी शुरुआत की जा सकती है. हालांकि झींगा पालन शुरू करने से पहले इसकी प्रजातियों, तालाब निर्माण, पानी की गुणवत्ता और बाजार की जानकारी होना जरूरी है. ऐसे में जानिए झींगा की खेती शुरु करने के आसान टिप्स.

झींगा पालन के लिए जमीन

झींगा पालन के लिए जमीन का आकार इस बात पर निर्भर करता है कि किसान किस स्तर पर व्यवसाय शुरू करना चाहता है. सामान्य तौर पर आधा हेक्टेयर से एक हेक्टेयर जमीन में व्यावसायिक स्तर पर इसकी शुरुआत की जा सकती है. आधा हेक्टेयर यानी करीब 1.23 एकड़ और एक हेक्टेयर लगभग 2.47 एकड़ के बराबर होता है. हालांकि किसान के पास मौजूद पूरी जमीन तालाब में इस्तेमाल नहीं होती. पानी के भंडारण, निकासी, मशीनों, चारे और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भी जगह रखनी पड़ती है.

सही मिट्टी होना जरूरी

झींगा पालन में जमीन का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण काम है. इसके लिए ऐसी जमीन बेहतर मानी जाती है जहां पानी रुकने और निकालने की उचित व्यवस्था हो. चिकनी दोमट मिट्टी यानी क्लेई लोम मिट्टी इसके लिए अच्छी मानी जाती है, क्योंकि इसमें पानी का रिसाव कम होता है. रेतीली जमीन पर तालाब बनाने से पानी तेजी से रिस सकता है, जिससे लागत बढ़ने के साथ झींगों के विकास पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए जमीन खरीदने या तालाब बनाने से पहले मिट्टी की जांच कराना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: Drip Irrigation: ड्रिप इरिगेशन क्या है, इसे कैसे लगवाएं? जानें फायदे और सरकारी सब्सिडी

ऐसे शुरू करें झींगा पालन

झींगा पालन शुरू करने के लिए सबसे पहले चुनी गई जमीन पर तालाब तैयार किया जाता है. तालाब का आकार और गहराई खेती की तकनीक के अनुसार तय होती है. सामान्य तौर पर एक मीटर से अधिक पानी की गहराई रखने की व्यवस्था की जाती है. तालाब तैयार करने के बाद उसकी सफाई, सुखाई और मिट्टी की जांच की जाती है. जरूरत के अनुसार चूने का इस्तेमाल करके मिट्टी का पीएच संतुलित किया जाता है. इसके बाद पानी भरकर उसकी गुणवत्ता की जांच की जाती है. अब बारी आती है झींगे के बीज यानी पोस्ट लार्वा (PL) डालने की. किसानों को हमेशा प्रमाणित हैचरी से स्वस्थ और रोगमुक्त बीज खरीदने चाहिए. शुरुआत में कम संख्या में बीज डालना बेहतर रहता है, ताकि किसान पानी और झींगों के प्रबंधन को समझ सकें.

इन प्रजाति का पालन करना बेहतर

भारत में मुख्य रूप से व्हाइटलेग श्रिम्प (Litopenaeus vannamei) और ब्लैक टाइगर श्रिम्प (Penaeus monodon) का व्यावसायिक पालन किया जाता है. इसके अलावा भारतीय सफेद झींगा भी पालन के लिए महत्वपूर्ण प्रजाति है. किस प्रजाति का चुनाव करना है, यह पानी, स्थानीय मौसम, बाजार की मांग और उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं पर निर्भर करता है. झींगा पालन में आमतौर पर एक फसल तैयार होने में लगभग 90 से 150 दिन का समय लगता है. यह अवधि प्रजाति, बीज की गुणवत्ता, पानी के तापमान और पालन की तकनीक पर निर्भर करती है. इस दौरान झींगों को संतुलित आहार देना और पानी की नियमित जांच करना जरूरी है. पानी में ऑक्सीजन की कमी होने पर झींगों की मृत्यु तक हो सकती है. इसलिए एरेटर जैसी मशीनों की व्यवस्था रखनी चाहिए.

झींगा पालन के लिए रजिस्ट्रेशन भी जरूरी

व्यावसायिक झींगा पालन शुरू करने से पहले कानूनी नियमों की जानकारी लेना जरूरी है. तटीय क्षेत्रों में आने वाले झींगा फार्म के लिए Coastal Aquaculture Authority (CAA) के नियमों के अनुसार पंजीकरण और अनुमति की जरूरत होती है. इसलिए तालाब निर्माण पर पैसा खर्च करने से पहले संबंधित मत्स्य विभाग से अनुमति और लागू नियमों की जानकारी जरूर लें.

यह भी पढ़ें: PM Kusum Yojana: खेत में सोलर पंप लगाने के लिए कैसे मिलती है सरकारी मदद? जानें यहां

Topics & Tags:#Agriculture
Shrimp Farming: झींगा की खेती कैसे कर सकते हैं किसान, इसके लिए कितनी जमीन चाहिए? | Kisan Reporter