शिमला मिर्च की खेती किसानों के लिए अच्छी कमाई वाली सब्जी फसलों में शामिल है. इसकी मांग बाजार में पूरे साल बनी रहती है. होटल, रेस्टोरेंट से लेकर घरों तक शिमला मिर्च की खपत होती है. यही वजह है कि किसान पारंपरिक फसलों के साथ सब्जियों की खेती की ओर भी तेजी से बढ़ रहे हैं. खास बात यह है कि कम जमीन में भी शिमला मिर्च की खेती करके अच्छी आमदनी हासिल की जा सकती है. अगर आपके पास 4 बीघा जमीन है तो आप इसे कम रुपयों में शुरु कर के अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं.
शिमला मिर्च की खेती में मुनाफा केवल अच्छी पैदावार पर निर्भर नहीं करता, बल्कि फसल की गुणवत्ता और बाजार के भाव पर निर्भर करता है. अच्छी गुणवत्ता वाली शिमला मिर्च की मांग सब्जी मंडियों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट के बीच भी रहती है. ऐसे में जानें शिमला मिर्च की खेती करने के आसान तरीके के बारे में.
बेहतर जल निकासी वाली मिट्टी
शिमला मिर्च की खेती के लिए अच्छी जल निकासी वाली दोमट मिट्टी को बेहतर माना जाता है. खेत में पानी जमा होने से पौधों की जड़ों को नुकसान हो सकता है, इसलिए जल निकासी बेहद जरूरी होती है. खेती शुरू करने से पहले खेत की मिट्टी की जांच करा लेना भी फायदेमंद रहता है. इससे फसल की जरूरत के अनुसार खाद और उर्वरक का इस्तेमाल करने में आसानी होती है.
सही तापमान है जरूरी
शिमला मिर्च की खेती के लिए तापमान बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण होता है. अधिक गर्मी या पाला फसल को प्रभावित कर सकता है. इसलिए किसान अपने क्षेत्र के मौसम के अनुसार बुवाई या रोपाई का समय तय करें. भारत में आमतौर पर शिमला मिर्च की खेती मुख्य रूप से तीनों मौसमों खरीफ, रबी और जायद में की जाती है.
यह भी पढ़ें: चुकंदर की खेती कैसे होती है, इसके लिए कितनी जमीन और पैसे की जरूरत?
4 बीघा में कितनी लागत आएगी?
शिमला मिर्च की खेती में लागत जमीन, सिंचाई, मजदूरी और कीट नियंत्रण जैसे कई कारकों पर निर्भर करती है. 4 बीघा जमीन में खेती शुरू करने के लिए किसान को पहले खेत की तैयारी, पौध या बीज, सिंचाई और मजदूरी पर खर्च करना पड़ता है. अगर किसान ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करता है, तो शुरुआती खर्च बढ़ सकता है, लेकिन पानी की बचत, खरपतवार नियंत्रण और फसल की गुणवत्ता में इसका फायदा मिल सकता है.
पौधों की देखभाल से बढ़ेगा उत्पादन
शिमला मिर्च की अच्छी फसल के लिए खेत में उचित दूरी पर पौधों की रोपाई करनी चाहिए. पौधों को जरूरत के अनुसार सिंचाई दें और खेत में लंबे समय तक पानी जमा न होने दें. समय-समय पर निराई-गुड़ाई और पोषक तत्वों की पूर्ति भी जरूरी है. यदि फसल में कीट और रोग दिखाई दें, तो तुरंत पहचान कर उचित नियंत्रण करना चाहिए.
तुड़ाई के बाद मिल सकती है अच्छी कीमत
शिमला मिर्च की तुड़ाई उसकी किस्म और बाजार की मांग के अनुसार की जाती है. अच्छी गुणवत्ता, चमकदार रंग और सही आकार वाली मिर्च को बाजार में बेहतर कीमत मिलती है. आप फसल को स्थानीय मंडी के अलावा होटल, रेस्टोरेंट, सब्जी विक्रेताओं या थोक खरीदारों तक सीधे बेचकर भी मुनाफा हासिल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: कम पैसों में शुरू करें बकरी पालन, सरकार भी दे रही 60 फीसदी तक सब्सिडी
