Pesticide Spraying Tips: सर्दियों का मौसम अब नजदीक है, ऐसे में किसानों को अपनी फसलों को सुरक्षित रखने के लिए कुछ खास बातों का ध्यान जरूरी है. बहुत से किसान इस मौसम में फसल पर कीट दिखते ही कीटनाशक का छिड़काव कर देते हैं. लेकिन यही जल्दबाजी नुकसान की वजह भी बन सकती है.
ठंड के मौसम में दवा छिड़कने का सही समय, हवा की दिशा और खेत की हालत पर ध्यान देना जरूरी है. अगर इन बातों को नजरअंदाज किया जाए, तो दवा का असर कम हो सकता है और किसान का खर्च भी बढ़ सकता है. साथ ही फसलों पर भी इसका असर पड़ सकता है.
ओस में भीगी फसल पर छिड़काव करने से बचें
सर्दियों में सुबह के समय फसलों की पत्तियों पर ओस जमी रहती है. ऐसी हालत में दवा का छिड़काव करने से वह पत्तियों पर ठीक से टिक नहीं पाती और पानी के साथ बह सकती है. इससे कीटों पर दवा का असर कम होने की आशंका रहती है. इसलिए सुबह ओस सूखने के बाद ही छिड़काव करें.
बहुत ठंड या तेज हवा में न करें छिड़काव
सर्दियों में ठंड बढ़ने से कीटों पर दवा का असर बदल सकता है. इसलिए खेत में दवा छिड़कने से पहले मौसम का ध्यान जरूर रखें. अगर तेज हवा चल रही है, तो दवा उड़कर दूसरी फसलों तक पहुंच सकती है और उन्हें नुकसान हो सकता है. वहीं, बारिश होने की आशंका हो या मौसम छिड़काव के लिए सही न हो, तो उस समय दवा न छिड़कें. मौसम सही होने पर ही छिड़काव करें.
यह भी पढ़ें: आलू बोने की मशीन कितने रुपये की आती है? जानें 3 प्लांटर की खासियत
जरूरत से ज्यादा दवा डालना भी नुकसानदेह
कुछ किसान सोचते हैं कि ज्यादा दवा डालने से कीट जल्दी खत्म हो जाएंगे. लेकिन ऐसा करना फसल और पर्यावरण दोनों के लिए नुकसानदेह हो सकता है. दवा की मात्रा हमेशा उसके पैकेट पर लिखे निर्देश के अनुसार रखें. अलग-अलग कीटनाशकों को अपनी मर्जी से मिलाकर छिड़काव न करें. पहले यह पहचानें कि फसल पर कौन-सा कीट लगा है और उसके लिए कौन-सी दवा सही है. जरूरत पड़ने पर कृषि विशेषज्ञ से सलाह लें.
छिड़काव करते समय अपनी सुरक्षा का भी रखें ध्यान
कीटनाशक का इस्तेमाल करते समय दस्ताने, मास्क, पूरे बाजू के कपड़े और जूते पहनें. दवा मिलाते समय हाथों को सीधे उसके संपर्क में न आने दें. छिड़काव के दौरान खाना, पानी पीना या धूम्रपान करना भी ठीक नहीं है. काम पूरा होने के बाद हाथ और शरीर को साबुन-पानी से अच्छी तरह साफ करें. दवा के खाली डिब्बे या बोतल को दोबारा किसी घरेलू काम में इस्तेमाल न करें और उनका निपटारा निर्देशों के अनुसार करें.
सही समय पर छिड़काव से बचेगा खर्च
सर्दियों में कीटनाशक का छिड़काव करने से पहले ओस, हवा और मौसम की स्थिति जरूर जांच लें. दवा की सही मात्रा रखें और बिना जरूरत छिड़काव करने से बचें. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने से दवा का सही इस्तेमाल करने, फसल को सुरक्षित रखने और बेवजह होने वाले खर्च को कम करने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: अपने फार्म हाउस पर कैसे करें लाल पालक की खेती? ये है सही तरीका
