Agriculture

कम जगह में कैसे उगाएं ज्यादा बैंगन? ये उपाय आएंगे काम

N
ABP News
October 21, 2026•3 min read
कम जगह में कैसे उगाएं ज्यादा बैंगन? ये उपाय आएंगे काम

बैंगन की खेती किसानों के लिए अच्छी आमदनी देने वाली सब्जी फसलों में शामिल है. इसकी मांग बाजार में लगभग पूरे साल बनी रहती है, इसलिए छोटे किसान भी कम जमीन में इसकी खेती करके बेहतर उत्पादन हासिल कर सकते हैं. हालांकि सीमित जगह में ज्यादा बैंगन उगाने के लिए केवल अधिक पौधे लगा देना पर्याप्त नहीं होता. पौधों के बीच सही दूरी, मिट्टी की गुणवत्ता, सिंचाई और पोषक तत्वों का संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी होता है.

अगर आपके खेत या बगीचे में जगह कम है, तो आप वैज्ञानिक तरीके अपनाकर उपलब्ध जमीन का बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं. सही किस्म का चुनाव और पौधों की उचित छंटाई जैसी तकनीकें पौधों को स्वस्थ रखने के साथ उत्पादन बढ़ाने में मदद कर सकती हैं. आइए जानते हैं इससे जुड़ी जानकारी.

सही किस्म का करें चुनाव

कम जगह में ज्यादा उत्पादन के लिए ऐसी बैंगन की किस्मों का चुनाव करें जो स्थानीय जलवायु के अनुकूल हों और जिनमें फल अधिक लगते हों. अच्छी किस्म का स्वस्थ पौधा शुरुआत से ही मजबूत रहता है और रोगों का सामना बेहतर तरीके से कर सकता है. किस्म चुनते समय केवल फल के आकार और रंग पर ध्यान न दें. फसल की अवधि, रोग प्रतिरोधक क्षमता और स्थानीय बाजार में मांग को भी ध्यान में रखें. इससे उत्पादन के साथ बिक्री में भी फायदा मिल सकता है.

पौधों के बीच रखें उचित दूरी

कई लोग ज्यादा उत्पादन के लिए ज्यादा पौधें लगा देते हैं. कम जमीन में अधिक पौधे लगाने के चक्कर में पौधों को बहुत पास-पास लगाने से नुकसान हो सकता है. इससे पौधों के बीच हवा का संचार कम हो जाता है और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. साथ ही पौधों को पर्याप्त धूप और पोषक तत्व भी नहीं मिल पाते. इसलिए बैंगन की किस्म और खेत के अनुसार उचित दूरी बनाए रखना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: कम पानी में भी अच्छी उपज! रबी में मूंगफली की इन 5 किस्मों पर करें गौर

मिट्टी को बनाएं उपजाऊ

बैंगन की अच्छी पैदावार के लिए उपजाऊ और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी जरूरी है. खेत की तैयारी के समय अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद या कम्पोस्ट का इस्तेमाल करना भी बेहतर होता है. मिट्टी की जांच कराने के बाद उसकी जरूरत के अनुसार पोषक तत्व देना ज्यादा बेहतर रहता है. जरूरत से ज्यादा खाद डालने से उत्पादन हमेशा नहीं बढ़ता. संतुलित मात्रा में पोषक तत्व देने से पौधों की बढ़वार और फल उत्पादन बेहतर होता है.

सिंचाई में न करें लापरवाही

बैंगन के पौधों को नियमित नमी की जरूरत होती है, लेकिन खेत में पानी जमा रहना नुकसानदायक होता है. ऐसे में हमेशा मौसम और मिट्टी के अनुसार सिंचाई करना सुरक्षित होता है. बहुत ज्यादा पानी देने से जड़ों में समस्या और फंगल रोगों का खतरा बढ़ता है. वहीं आप ड्रिप सिंचाई जैसी तकनीक का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इससे पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचता है और पानी की बचत भी होती है.

यह भी पढ़ें: केंचुआ खाद का बिजनेस कैसे करते हैं, इसमें कितना फायदा?

Topics & Tags:#Agriculture
कम जगह में कैसे उगाएं ज्यादा बैंगन? ये उपाय आएंगे काम | Kisan Reporter