Agriculture

Best HP Water Pump: 5 बीघा खेत के लिए कितने हॉर्स पावर की लगेगी मोटर, कितना गहरा खुदेगा ट्यूबवेल?

N
ABP News
November 20, 2026•3 min read
Best HP Water Pump: 5 बीघा खेत के लिए कितने हॉर्स पावर की लगेगी मोटर, कितना गहरा खुदेगा ट्यूबवेल?

अगर आपके पास 5 बीघा खेत है और आप सिंचाई के लिए ट्यूबवेल खुदवाने की सोच रहे हैं, तो सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि कितनी HP की मोटर सही रहेगी और बोरवेल कितना गहरा होना चाहिए. कई किसान मोटर खरीदते समय सिर्फ खेत का रकबा देखते हैं, जबकि इसका चुनाव पानी की गहराई, जमीन की बनावट और सिंचाई के तरीके को देखकर करना चाहिए. सही मोटर और पंप चुनने से बिजली का खर्च भी कंट्रोल में रहता है और खेत को जरूरत के हिसाब से पानी भी मिलता है.

5 बीघा खेत के लिए कितनी HP की मोटर सही रहेगी?

5 बीघा खेत में सिंचाई के लिए आमतौर पर 3 HP से 5 HP तक की मोटर इस्तेमाल की जाती है. यह आपके इलाके में पानी की गहराई और जरूरत पर निर्भर करता है. अगर पानी कम गहराई पर है और खेत में सामान्य तरीके से सिंचाई करनी है, तो 3 HP की मोटर भी काम आती है. वहीं, पानी ज्यादा गहराई से निकालना हो या खेत तक पाइपलाइन लंबी हो, तो 5 HP की मोटर की जरूरत पड़ सकती है. सबमर्सिबल पंप खरीदते समय उसकी HP के साथ स्टेज भी देखना जरूरी है. ज्यादा गहराई से पानी उठाने के लिए अधिक स्टेज वाला पंप इस्तेमाल किया जाता है. इसलिए मोटर खरीदने से पहले किसी जानकार या पंप विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

यह भी पढ़ें : Fish Farming: मछली पालन की ऐसे करें शुरुआत, बंपर कमाई करके देगा आपको यह बिजनेस

ट्यूबवेल कितने फीट गहरा खुदवाना चाहिए?

ट्यूबवेल की गहराई हर गांव और इलाके में अलग होती है. यह जमीन के नीचे पानी के स्तर और मिट्टी या चट्टानों की बनावट पर निर्भर करती है. कुछ जगहों पर 100 से 200 फीट की गहराई पर पानी मिल जाता है, जबकि कम पानी वाले या पथरीले इलाकों में 300 से 500 फीट या उससे ज्यादा खुदाई करनी पड़ती है. इसलिए बिना जानकारी के सीधे ज्यादा गहरा बोर करवाना सही नहीं है. खुदाई शुरू करने से पहले अपने आसपास के खेतों में बने ट्यूबवेल की गहराई और उनमें पानी मिलने के स्तर के बारे में पता करें.

मोटर और ट्यूबवेल चुनने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

ट्यूबवेल खुदवाने और मोटर खरीदने से पहले खेत में पानी की जरूरत का अंदाजा लगाएं. अगर आप गेहूं, सरसों, दाल या सब्जियों की खेती करते हैं, तो फसल के हिसाब से सिंचाई की जरूरत अलग-अलग होगी. ड्रिप और स्प्रिंकलर से सिंचाई करने पर पानी का इस्तेमाल बेहतर तरीके से होता है. इसके अलावा, यह भी पता करें कि आपके यहां बिजली का 1-फेज या 3-फेज कनेक्शन उपलब्ध है या नहीं. मोटर की क्षमता तय करते समय पानी का स्तर, पाइप का आकार और पानी की जरूरत को ध्यान में रखना जरूरी है.

यह भी पढ़ें : Pashudhan Bima Yojana: सिर्फ 289 रुपये में होगा गाय-भैंस का बीमा, इस राज्य में हुई किसानों की चांदी

Topics & Tags:#Agriculture
Best HP Water Pump: 5 बीघा खेत के लिए कितने हॉर्स पावर की लगेगी मोटर, कितना गहरा खुदेगा ट्यूबवेल? | Kisan Reporter