Cow Insurance Scheme: ग्रामिण इलाकों से लेकर शहर तक, पशुपालन बहुत से लोगों के लिए आमदनी का एक बड़ा जरिया बन चुका है. लेकिन इस काम में जोखिम भी कम नहीं है. कई बार बीमारी, हादसे या किसी दूसरी वजह से पशु की अचानक मौत किसानों के लिए एक बड़ा आर्थिक नुकसान बन जाती है.
ऐसे में पशुपालक इस नुकसान से बचने के लिए अपने पशु का बीमा करवा सरकते हैं. केंद्र सरकार की राष्ट्रीय पशुधन मिशन (NLM) योजना के तहत गाय-भैंस का बीमा करवाने पर सरकार 85 फीसदी तक प्रीमियम का खर्च उठाती है. यानी सिर्फ 15 फीसदी रकम देकर आप अपने पशु का बीमा करवा सकते हैं.
गाय के बीमा पर कितनी मिलती है सब्सिडी?
राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत पशुओं का बीमा कराने पर कुल प्रीमियम का 85 फीसदी हिस्सा केंद्र और राज्य सरकार मिलकर देती हैं. बाकी 15 फीसदी पैसा पशुपालक को जमा करना होता है. सामान्य राज्यों में सरकार के हिस्से में केंद्र की भागीदारी 60 फीसदी और राज्य की 40 फीसदी होती है. वहीं, पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में केंद्र सरकार 90 फीसदी और राज्य सरकार 10 फीसदी हिस्सा देती है.
इस योजना के तहत एक परिवार अधिकतम 10 बड़े पशुओं का बीमा सब्सिडी के साथ करा सकता है. इसमें गाय और भैंस भी शामिल हैं. अगर पशुपालक इससे ज्यादा पशुओं का बीमा कराना चाहता है तो बाकी पशुओं के लिए उन्हें पूरा प्रीमियम खुद देना होगा.
गाय का बीमा कराने में कितना खर्च आएगा?
बीमा का खर्च गाय की बाजार कीमत और बीमा के समय पर निर्भर करता है. सामान्य क्षेत्रों में एक साल के बीमा के लिए प्रीमियम की दर 4.5 फीसदी तय है. दो साल के लिए यह 8 फीसदी और तीन साल के लिए 11 फीसदी है. पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में ये दरें अलग हैं.
उदाहरण के लिए, अगर आपकी गाय की कीमत 50 हजार रुपये तय होती है तो एक साल के बीमा का कुल प्रीमियम 2,250 रुपये बनेगा. इसमें से 15 फीसदी यानी करीब 338 रुपये आपको देने होंगे. बाकी रकम सरकार की ओर से दी जाएगी. गाय की कीमत पशुपालक, बीमा कंपनी और पशु चिकित्सक की मौजूदगी में तय की जाती है.
यह भी पढ़ें: एक तालाब से होगी 4 कामों की कमाई! जानें इंटीग्रेटेड फार्मिंग का ये मॉडल
अपनी गाय का बीमा कैसे कराएं?
पशुपालक घर बैठे भी बीमा के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए 1962/NDLM मोबाइल ऐप पर लॉगिन करके Livestock Insurance ऑप्शन चुनना होगा. इसके बाद पशुधन बीमा पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके लिए NDLM में दर्ज मोबाइल नंबर और गाय का वैध ईयर टैग नंबर जरूरी है. आवेदन के बाद पशु का चयन करके फॉर्म जमा करना होगा. इसके बाद जरूरी जांच और प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
गाय की मौत होने पर कैसे मिलेगा पैसा?
बीमा कराने के बाद अगर गाय की मौत हो जाती है तो पशुपालक पोर्टल के जरिए क्लेम कर सकता है. इसके लिए 1962/NDLM ऐप में My Claims विकल्प पर जाकर जानकारी भरनी होगी और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करने होंगे. सभी जरूरी दस्तावेज जमा होने के बाद बीमा क्लेम का निपटारा आमतौर पर 21 से 25 दिनों में किया जाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: खेती के लिए लोन चाहिए, बिना गारंटी मिलेगा इतना कर्ज
