Agriculture

Drought Resistant Wheat: गेहूं की इन किस्मों पर नहीं होता सूखे और गर्मी का असर, देती हैं बंपर पैदावार

N
ABP News
November 8, 2026•4 min read
Drought Resistant Wheat: गेहूं की इन किस्मों पर नहीं होता सूखे और गर्मी का असर, देती हैं बंपर पैदावार

भारत में गेहूं की खेती किसानों के लिए कमाई का एक बड़ा जरिया है. देश के कई राज्यों में रबी सीजन के दौरान बड़े पैमाने पर गेहूं की बुवाई की जाती है. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में मौसम में बदलाव के चलते किसानों में चिंता बढ़ गई है. कभी सर्दियों में तापमान सामान्य से ज्यादा रहता है, तो कभी फसल पकने के समय अचानक गर्मी बढ़ जाती है. इसका सीधा असर गेहूं के दानों के विकास और पैदावार पर पड़ता है. वहीं कई इलाकों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से सूखे की स्थिति भी बन जाती है.

ऐसे हालात में किसानों के लिए ऐसी गेहूं की किस्मों का चुनाव करना जरूरी हो जाता है, जो अधिक तापमान और पानी की कमी जैसी परिस्थितियों को सहन कर सकें. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और दूसरे कृषि संस्थानों ने ऐसी कई उन्नत किस्में विकसित की हैं, जिनमें गर्मी और सूखे के प्रति सहनशीलता के गुण पाए जाते हैं. ऐसे में सही किस्म का चुनाव खेती के क्षेत्र और बुवाई के समय के अनुसार करना जरूरी है.

DBW 327 है एक विकल्प

गेहूं की उन्नत किस्मों में DBW 327 यानी करण शिवानी का नाम शामिल है. इसे भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान (IIWBR), करनाल ने विकसित किया है. इस किस्म की खासियत यह है कि इसमें गर्मी और सूखे दोनों तरह के तनाव को सहने की क्षमता बताई गई है. रिपोर्ट के मुताबिक यह किस्म उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्र और मध्य क्षेत्र में समय से पहले बुवाई वाली सिंचित परिस्थितियों के लिए बेहतर है. इसकी औसत पैदावार उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में 79.4 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और मध्य क्षेत्र में 69.6 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बताई गई है. इसके दाने भी मोटे होते हैं.

DBW 187 भी गर्मी सहने में सक्षम

DBW 187 को भी गर्मी सहन करने वाली गेहूं की किस्मों में गिना जाता है. कृषि मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, फसल वर्ष 2021-22 के दौरान इस किस्म ने लोकप्रिय किस्म HD 3086 के मुकाबले 3.6 परसेंट अधिक पैदावार दर्ज की थी. यह किस्म गर्मी के प्रभाव को सहन करने में बेहतर पाई गई है. हालांकि इसकी खेती के लिए अपने कृषि क्षेत्र की अनुशंसित बुवाई और सिंचाई परिस्थितियों का ध्यान रखना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: Seedless Parwal: बिना बीज वाले परवल की बढ़ गई डिमांड, किचन गार्डन में ऐसे करें इसकी खेती

DBW 222 देगा अच्छी पैदावार

DBW 222 भी गर्मी सहन करने वाली किस्मों में शामिल है. कृषि मंत्रालय के अनुसार वर्ष 2021-22 के दौरान इस किस्म ने HD 3086 की तुलना में 5.4 परसेंट अधिक पैदावार दी थी. इसका मतलब है कि तापमान बढ़ने की स्थिति में यह किस्म बेहतर प्रदर्शन कर सकती है. उत्तर-पश्चिमी मैदानी और मध्य गेहूं उत्पादक क्षेत्रों में इसकी खेती की जाती है. हालांकि किसानों को अपने क्षेत्र के हिसाब से किस्मों का चुनाव करना चाहिए.

HI 1634 भी शानदार विकल्प

मध्य भारत के किसानों के लिए HI 1634 यानी पूसा अहिल्या एक उपयोगी विकल्प हो सकती है. इसे खासतौर पर मध्य क्षेत्र में देर से बुवाई वाली सिंचित परिस्थितियों के लिए विकसित किया गया है. इस किस्म की औसत पैदावार करीब 51.6 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बताई गई है. इसकी खासियत यह है कि यह फसल पकने के अंतिम चरण में पड़ने वाली गर्मी को सहन करने की क्षमता रखती है. मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में देर से बुवाई की स्थिति में किसानों के लिए यह एक शानदार विकल्प है.

इन बातों का भी रखें ध्यान

सिर्फ अच्छी किस्म के बीज इस्तेमाल करने से ही अच्छी पैदावार नहीं होती. इसके लिए किसानों को बुवाई का सही समय, मिट्टी की स्थिति, सिंचाई और खाद का भी ध्यान रखना चाहिए. गेहूं की बुवाई में देरी होने पर फसल को दाना भरने के समय अधिक तापमान का सामना करना पड़ सकता है. इसके अलावा खेत में नमी बनाए रखना, जरूरत के अनुसार सिंचाई करना और प्रमाणित बीजों का इस्तेमाल करना जरूरी है. ऐसे में किसानों को अपने क्षेत्र के कृषि विश्वविद्यालय या कृषि विज्ञान केंद्र से सलाह लेकर ही किस्म का चयन करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: Winter Farming Tips: बदलते मौसम में पाला खराब कर सकता है ये फसलें, जानें क्या करें किसान?

Topics & Tags:#Agriculture
Drought Resistant Wheat: गेहूं की इन किस्मों पर नहीं होता सूखे और गर्मी का असर, देती हैं बंपर पैदावार | Kisan Reporter