Agriculture

Mustard Farming: खाली खेत से होगी तगड़ी कमाई! धान के बाद लगाएं सरसों की ये उन्नत किस्म

N
ABP News
November 8, 2026•3 min read
Mustard Farming: खाली खेत से होगी तगड़ी कमाई! धान के बाद लगाएं सरसों की ये उन्नत किस्म

Sarson Ki Kheti: अगर आप भी धान की कटाई के बाद खेत को खाली छोड़ देते हैं तो इस बार आप उसमें सरसों की खेती कर सकते हैं. इससे खेत का बेहतर इस्तेमाल होगा. साथ ही किसानों को एक अतिरिक्त फसल से कमाई का मौका मिल सकता है. आपको बता दें कि, सरसों की कुछ खास किस्में कम पानी में भी अच्छी पैदावार दे सकती है. लेकिन इसके लिए आपके उन्नत किस्म के बीज और खेती का सही तरीका अपनाना जरूरी है.

धान की कटाई के बाद खेतों में कुछ समय के लिए नमी बनी रहती है. किसान इस नमी का फायदा उठाकर सरसों की बुवाई कर सकते हैं. इससे खेत लंबे समय तक खाली नहीं रहेगा और एक ही जमीन से दो फसलें लेने का मौका मिलेगा. सरसों तिलहन फसल है, जिसकी बाजार में मांग भी रहती है. ऐसे में किसान धान के बाद इसकी खेती करके अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं.

114 दिन में तैयार हो जाती है फसल

सरसों की उन्नत किस्म DRMR 150-35 किसानों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है. इसे उन इलाकों में भी उगाया जा सकता है, जहां खेती बारिश के पानी पर निर्भर रहती है. इसकी फसल आमतौर पर 114 दिनों में तैयार हो जाती है. हालांकि, मौसम और खेती की स्थिति अच्छी रहने पर यह 95 से 110 दिनों में भी पक सकती है.

इस किस्म में तेल की मात्रा करीब 36.7 से 42.8 फीसदी तक बताई गई है. इसकी औसत पैदावार 12 से 18 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक हो सकती है. हालांकि, खेत की मिट्टी, मौसम और फसल की देखभाल के हिसाब से उत्पादन कम या ज्यादा हो सकता है. यह किस्म छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और असम जैसे राज्यों की खेती की परिस्थितियों के लिए उपयुक्त बताई गई है.

30 नवंबर से पहले कर लें बुवाई

सरसों की अच्छी पैदावार के लिए समय पर बुवाई करना जरूरी है. किसानों को कोशिश करनी चाहिए कि, 30 नवंबर से पहले बुवाई का काम पूरा कर लें. अगर बुवाई में देरी होती है, तो फसल पर मौसम का असर पड़ सकता है और पैदावार भी कम हो सकती है. बुवाई करते समय इस बात का ध्यान रखें कि बीज सही मात्रा में डालें और कतारों के बीच उचित दूरी रखें. खेत में जरूरत के हिसाब से खाद और उर्वरक भी डालें. सरसों की फसल को ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती, लेकिन जब पौधों में फूल आने लगें और दाने बनने लगें, तब खेत में नमी बनाए रखना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: गेंदे की इन 2 किस्मों की करें खेती, एक एकड़ में 80 हजार तक होगी कमाई!

धान के बाद खाली खेत से होगी अतिरिक्त कमाई

किसानों के लिए सरसों की खेती का सबसे बड़ा फायदा यह है कि, धान की कटाई के बाद खाली पड़े खेत का इस्तेमाल हो सकेगा. इससे एक ही खेत से साल में दो फसलें लेने का रास्ता खुलेगा. हालांकि, बुवाई से पहले अपने खेत की मिट्टी, उपलब्ध नमी और सिंचाई की सुविधा को जरूर देख लें. सही समय पर बुवाई और अच्छी देखभाल से किसान रबी सीजन में सरसों की फसल से अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: पराली जलाएं नहीं, इन 3 तरीकों से खेत में ही बनाएं खाद

Topics & Tags:#Agriculture
Mustard Farming: खाली खेत से होगी तगड़ी कमाई! धान के बाद लगाएं सरसों की ये उन्नत किस्म | Kisan Reporter