Duck Farming Business: गांवों में रहने वाले कई लोग खेती के साथ-साथ पशुपालन और मुर्गी पालन करके भी अपनी कमाई बढ़ा रहे हैं. अब बत्तख पालन भी ग्रामीण इलाकों में आमदनी का अच्छा जरिया बनता जा रहा है. खास बात यह है कि इसे कम पूंजी से भी शुरू किया जा सकता है.
हालांकि, बत्तख पालने के लिए उनके रहने, खाने और देखभाल का सही इंतजाम करना जरूरी है. अगर इन बातों का ध्यान रखा जाए तो अंडों की बिक्री से हर महीने अच्छी कमाई का मौका मिल सकता है.
65 हजार रुपये में पाल सकते हैं 1000 बत्तख
बत्तख पालन शुरू करने के लिए सबसे पहले अच्छी नस्ल की बत्तखें खरीदनी होती हैं. उदाहरण के तौर पर, 1000 बत्तख खरीदने पर करीब 65 हजार रुपये तक खर्च आ सकता है. शुरुआत में अगर किसी को बत्तख पालने का अनुभव नहीं है तो कुछ नुकसान भी उठाना पड़ सकता है. इसलिए कारोबार शुरू करने से पहले उनके रख-रखाव की जानकारी लेना जरूरी है.
बत्तखों को दिन में तालाब या पानी वाली जगह पर घूमने के लिए छोड़ा जा सकता है. इससे उन्हें पानी में रहने और आसपास घूमने की सुविधा मिलती है. वहीं, शाम होते ही उन्हें किसी सुरक्षित जगह पर बने घर में रखना चाहिए, ताकि रात में वे बाहरी जानवरों से बची रहें.
बत्तख पालन में इन बातों का रखें ध्यान
- बत्तखों के लिए तालाब या पानी की अच्छी व्यवस्था होना फायदेमंद रहता है.
- इसके साथ ही उनके रहने की जगह के चारों तरफ जाली या फेंसिंग लगानी चाहिए.
- इससे कुत्ते और दूसरे बाहरी जानवर बत्तखों को नुकसान नहीं पहुंचा पाते.
- साफ-सफाई का भी खास ध्यान रखना जरूरी है.
- अगर बत्तखों के रहने की जगह गंदी रहती है तो उनमें बीमारियां फैल सकती हैं.
- इससे बत्तखों की सेहत खराब होने के साथ कारोबार को भी नुकसान हो सकता है.
- इसलिए उनके रहने की जगह की नियमित सफाई करें और खाने का सही इंतजाम रखें.

यह भी पढ़ें: किसानों को अब मिलेगा 22 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा, सरकार का बड़ा ऐलान
1000 बत्तखों के खाने पर रोज 2000 रुपये खर्च
अगर कोई व्यक्ति 1000 बत्तख पालता है तो उनके खाने पर रोजाना करीब 2000 रुपये तक खर्च आ सकता है. इस हिसाब से महीने का खर्च लगभग 60 हजार रुपये होगा. इसलिए बत्तख पालन शुरू करने से पहले खाने और देखभाल पर होने वाले खर्च का हिसाब जरूर लगा लेना चाहिए. इससे कारोबार में होने वाली कमाई और खर्च का अंदाजा लगाने में आसानी होगी.
एक बत्तख से रोज मिल सकता है एक अंडा
बत्तखें आमतौर पर चार से पांच महीने की उम्र में अंडे देना शुरू कर देती हैं. अच्छी तरह अंडे देने वाली बत्तख करीब एक साल तक रोजाना एक अंडा दे सकती है. बाजार में एक बत्तख के अंडे का थोक भाव करीब 10 से 12 रुपये तक मिल सकता है. ठंड के मौसम में बत्तख के अंडों की मांग बढ़ जाती है, जिससे बिक्री के अच्छे मौके मिलते हैं.
यह भी पढ़ें: दुधारू पशुओं को साल में कितनी बार देनी चाहिए कीड़े मारने की दवा?
