PM Kisan Maandhan Yojana: खेती-किसानी में किसान दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन बढ़ती उम्र के साथ खेत में काम करना आसान नहीं रहता. ऐसे में सबसे बड़ी परेशानी होती है कि जब कमाई बंद हो जाएगी, तब घर का खर्च कैसे चलेगा? खासकर छोटे और सीमांत किसानों के लिए बुढ़ापे में नियमित कमाई का कोई दूसरा जरिया जुटाना मुश्किल होता है.
किसानों की इसी चिंता को दूर करने के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना चला रही है. इस योजना के तहत किसानों को 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद हर महीने 3,000 रुपये पेंशन दी जाती है. अगर पति-पत्नी दोनों इस योजना में शामिल होते हैं, तो परिवार को हर महीने 6,000 रुपये तक मिल सकते हैं.
60 साल के बाद हर महीने मिलेंगे 3,000 रुपये
प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना की शुरुआत छोटे और सीमांत किसानों को बुढ़ापे में आर्थिक सहारा देने के लिए की गई है. इस योजना में किसान को 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद हर महीने 3,000 रुपये की पक्की पेंशन मिलती है. यानी सालभर में कुल 36,000 रुपये मिलेंगे.
पति-पत्नी दोनों को मिल सकती है पेंशन
इस योजना की एक खास बात यह भी है कि, अगर पति और पत्नी दोनों इसके लिए पात्र हैं और अलग-अलग पंजीकरण कराते हैं, तो दोनों को 3,000-3,000 रुपये महीने की पेंशन मिल सकती है. इस तरह दोनों को मिलाकर हर महीने 6,000 रुपये और सालाना 72,000 रुपये तक की पेंशन मिल सकती है. इससे किसान परिवार को बुढ़ापे में आर्थिक मदद मिलती है.
यह भी पढ़ें: PM Kisan योजना की 25वीं किस्त कब आएगी, क्या है लेटेस्ट अपडेट?
हर महीने जमा करने होंगे इतने रुपये
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को अपनी उम्र के हिसाब से हर महीने 55 से 200 रुपये तक जमा करने होते हैं. किसान जितनी रकम हर महीने जमा करता है, उतनी ही रकम केंद्र सरकार भी उसकी पेंशन योजना में जोड़ती है. यानी किसान के जमा किए गए पैसे के बराबर सरकार भी योगदान करती है. यह पैसा किसान को 60 साल की उम्र पूरी होने तक जमा करना होता है.
कौन किसान ले सकता है योजना का लाभ?
प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना का फायदा लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें रखी गई हैं.
- किसान की उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए.
- किसान छोटे या सीमांत किसान की श्रेणी में आता हो.
- उसके पास अधिकतम 2 हेक्टेयर तक खेती योग्य जमीन होनी चाहिए.
- किसान को 60 साल की उम्र तक हर महीने तय रकम जमा करनी होगी.
कैसे कराएं योजना में रजिस्ट्रेशन?
इस योजना में आवेदन करना काफी आसान है. किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं. इसके लिए आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जरूरत होती है. किसान ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भी आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के बाद किसान की उम्र के हिसाब से हर महीने जमा होने वाली रकम तय की जाती है.
यह भी पढ़ें: सिर्फ 289 रुपये में होगा गाय-भैंस का बीमा, इस राज्य में हुई किसानों की चांदी
