Agriculture

Farming Business Ideas: खेती के साथ इन व्यापार पर जोर दें किसान, नहीं पड़ेगी उधार लेने की जरूरत

N
ABP News
November 18, 2026•2 min read
Farming Business Ideas: खेती के साथ इन व्यापार पर जोर दें किसान, नहीं पड़ेगी उधार लेने की जरूरत

खेती में कमाई हर बार एक जैसी नहीं होती. कभी मौसम खराब हो जाता है, तो कभी फसल के अच्छे दाम नहीं मिलते. ऐसे में किसानों को कई बार खर्च चलाने के लिए उधार लेना पड़ता है. इससे बचने के लिए किसान खेती के साथ छोटे कारोबार शुरू कर सकते हैं, जिससे आमदनी के दूसरे रास्ते भी खुल सकें.

डेयरी और बकरी पालन से बढ़ाएं कमाई

किसान खेती के साथ डेयरी पालन, बकरी पालन और मुर्गी पालन जैसे काम शुरू कर सकते हैं. गाय या भैंस पालकर दूध बेचने से नियमित कमाई होती है. साथ ही पशुओं के गोबर का इस्तेमाल खेत में खाद बनाने के लिए किया जाता है, जिससे खाद खरीदने का खर्च बचता है. बकरी और मुर्गी पालन भी कम जगह में शुरू किए जा सकते हैं. इन कामों में पशुओं के चारे, साफ-सफाई, बीमारी से बचाव और उनकी देखभाल का ध्यान रखना जरूरी है. शुरुआत में कम पशु रखकर काम शुरू करना बेहतर रहता है, ताकि खर्च ज्यादा न बढ़े.

मशरूम और मधुमक्खी पालन भी हैं अच्छे विकल्प

जिन किसानों के पास ज्यादा जमीन नहीं है, वे मशरूम की खेती कर सकते हैं. इसे खाली कमरे में भी शुरू किया जा सकता है और सही देखभाल मिलने पर करीब 30 से 45 दिन में मशरूम तैयार हो जाते हैं. वहीं मधुमक्खी पालन से शहद बेचकर कमाई की जा सकती है. मधुमक्खियां फसलों में परागण करने में भी मदद करती हैं, जिससे पैदावार बढ़ने की रहती है. किसान अपनी फसल से अचार, पापड़, मसाले और दूसरे खाद्य उत्पाद बनाकर भी बेच सकते हैं. इससे फसल को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और बेहतर कीमत पाने का मौका मिलता है.

यह भी पढ़ें : Bullock Ploughing: बिना ट्रैक्टर और मशीनों के कैसे होती थी खेती, पुराने तरीके कितने कारगर?

शुरुआत छोटे स्तर से करें और बाजार की मांग समझें

कोई भी कारोबार शुरू करने से पहले किसान को यह देखना चाहिए कि उसके आसपास किस चीज की मांग ज्यादा है. जिस काम को आसानी से संभाल सकें, उसी से शुरुआत करें. एक साथ बड़ा निवेश करने के बजाय छोटे स्तर पर काम शुरू करना बेहतर रहता है. डेयरी, पशुपालन, मधुमक्खी पालन और खाद्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी कृषि विभाग या पशुपालन विभाग से लें. नाबार्ड और अन्य योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता के बारे में भी पता करें. सही योजना, बाजार की जानकारी और खर्च का हिसाब रखने से किसान खेती के साथ अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें : Agrivoltaics: खेत में सोलर पैनल से खेती और कमाई कैसे करें किसान? समझें पूरा फॉर्मूला

Topics & Tags:#Agriculture
Farming Business Ideas: खेती के साथ इन व्यापार पर जोर दें किसान, नहीं पड़ेगी उधार लेने की जरूरत | Kisan Reporter