Agriculture

Fish Farming: मछली पालन की ऐसे करें शुरुआत, बंपर कमाई करके देगा आपको यह बिजनेस

N
ABP News
November 18, 2026•3 min read
Fish Farming: मछली पालन की ऐसे करें शुरुआत, बंपर कमाई करके देगा आपको यह बिजनेस

Machhli Palan Kaise Shuru Kare: गांव में रहकर अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं, तो मछली पालन एक अच्छा विकल्प हो सकता है. आजकल बाजार में मछली की मांग बनी रहती है. ऐसे में किसान खेती के साथ मछली पालन करके अपनी कमाई बढ़ा सकते हैं. इसके लिए आपके पास खुद का तालाब होना जरूरी नहीं है.

आप जमीन पर तालाब बनवाकर या पहले से बने तालाब को किराए पर लेकर भी यह काम शुरू कर सकते हैं. हालांकि, मछली पालन में अच्छी कमाई के लिए सही मछली चुनना और पानी की देखभाल करना बहुत जरूरी है. आइए जानते हैं कि इस कारोबार की शुरुआत कैसे कर सकते हैं.

सबसे पहले करें सही जगह का चुनाव

मछली पालन शुरू करने से पहले ऐसी जगह चुनें, जहां पानी की अच्छी व्यवस्था हो. तालाब में पानी भरने और जरूरत पड़ने पर उसे बाहर निकालने का इंतजाम होना चाहिए. तालाब की गहराई और आकार का फैसला जमीन, पानी की उपलब्धता और पाली जाने वाली मछली के हिसाब से करें. अगर आपके पास पहले से तालाब है, तो उसमें मछली डालने से पहले उसकी सफाई और तैयारी जरूर करें.

कौन सी मछली पालना रहेगा फायदेमंद?

शुरुआत में ऐसी मछलियां चुनें, जिनकी आपके आसपास के बाजार में मांग हो. भारत में रोहू, कतला और मृगल का पालन काफी किया जाता है. इन तीनों को एक ही तालाब में भी पाला जा सकता है, क्योंकि ये पानी की अलग-अलग सतहों से भोजन लेती हैं. इसके अलावा आप अपने इलाके के हिसाब से पंगास और तिलापिया जैसी मछलियों के बारे में भी जानकारी ले सकते हैं. लेकिन कोई भी मछली चुनने से पहले स्थानीय मत्स्य विभाग से उसकी सही जानकारी जरूर लें.

यह भी पढ़ें: ड्रोन खरीदने के लिए मिलेंगे 8 लाख रुपये! महिलाओं को सरकार दे रही मदद

तालाब में मछली डालने से पहले करें तैयारी

  • तालाब में सीधे मछली के बच्चे डालने से बचें.
  • सबसे पहले तालाब की सफाई करें और पानी की जांच कराएं.
  • जरूरत के हिसाब से तालाब की मिट्टी और पानी का उपचार करवाएं.
  • इसके बाद किसी मान्यता प्राप्त हैचरी से स्वस्थ मछली के बच्चे यानी बीज खरीदें.
  • बीज खरीदते समय उनकी उम्र, आकार और सेहत का ध्यान रखें.
  • तालाब में कितने बच्चे डालने हैं, यह भी विशेषज्ञ की सलाह से तय करें.

मछली पालन से कितनी हो सकती है कमाई?

ICAR की एक रिसर्च में रोहू, कतला और मृगल के पालन से 1 हेक्टेयर तालाब में करीब 8 महीने में 2,524 किलो मछली तैयार हुई. इसकी बिक्री से 5.04 लाख रुपये मिले और कुल खर्च करीब 3.27 लाख रुपये आया. यानी खर्च निकालने के बाद लगभग 1.77 लाख रुपये की बचत हुई.

एक एकड़ के हिसाब से देखें तो:

  • मछली की बिक्री से कुल कमाई: करीब 2.04 लाख रुपये
  • पालन पर खर्च: करीब 1.32 लाख रुपये
  • खर्च निकालने के बाद बचत: करीब 71,700 रुपये

यह भी पढ़ें: कैसे करें ऊन फार्मिंग, कम लागत में मिलेगा तगड़ा मुनाफा

Topics & Tags:#Agriculture
Fish Farming: मछली पालन की ऐसे करें शुरुआत, बंपर कमाई करके देगा आपको यह बिजनेस | Kisan Reporter