पशुपालन करने वाले किसानों के लिए हरा चारा काफी जरूरी होता है. इससे पशुओं को पोषण मिलता है और दूध उत्पादन में भी मदद मिलती है. लेकिन चारे की कमी होने पर किसानों को बाजार से खरीदना पड़ता है, जिससे खर्च बढ़ जाता है. ऐसे में किसान कुछ ऐसी फसलें उगा सकते हैं, जो कम समय में चारा देना शुरू कर देती हैं. बरसीम, जई और सरसों की मिश्रित खेती से करीब 25 से 30 दिन में शुरुआती चारा देती है.
इसके अलावा हाइड्रोपोनिक तकनीक और नेपियर घास जैसे विकल्प भी पशुपालकों के लिए उपयोगी होते हैं. इन तरीकों से चारे की जरूरत पूरी करने और खर्च कम करने में मदद मिल सकती है.
बरसीम, जई और सरसों की मिश्रित खेती
किसान बरसीम के साथ जई और सरसों की मिश्रित खेती कर सकते हैं. इन फसलों को एक साथ उगाने से खेत में शुरुआती दिनों में हरा चारा मिलने लगता है. जई और सरसों तेजी से बढ़ती हैं, जबकि बरसीम आगे चलकर भी चारा देती रहती है. इससे पशुओं को अलग-अलग पोषक तत्व मिलते हैं और किसान को लंबे समय तक चारे की उपलब्धता बनी रहती है. पहली कटाई का समय मौसम, मिट्टी, बीज और फसल की बढ़त पर निर्भर करता है. इसलिए बुवाई से पहले स्थानीय कृषि विशेषज्ञ से बीज और बुवाई की सही जानकारी लेना फायदेमंद रहेगा.
हाइड्रोपोनिक तरीके से 7-8 दिन में तैयार करें हरा चारा
हाइड्रोपोनिक तकनीक में बिना मिट्टी के ट्रे में मक्का, जौ या गेहूं जैसे बीज उगाए जाते हैं. इसके लिए बीजों को साफ करके कुछ समय पानी में भिगोया जाता है और फिर ट्रे में फैलाकर नियमित नमी दी जाती है. करीब 7 से 8 दिन में बीज अंकुरित होकर हरे चारे के रूप में तैयार हो जाते हैं. इस तरीके में खेत की जरूरत नहीं होती और कम जगह में चारा उगाया जाता है. पशुपालक घर या शेड में भी इसकी व्यवस्था कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें : Sheep Breeding: भेड़ों को सिर्फ चराने से नहीं बढ़ेगा उत्पादन, अपनाएं ये तरीके नेपियर और गिनी घास से लंबे समय तक मिलेगा चारा
नेपियर और गिनी घास ऐसी फसलें हैं, जिनसे एक बार लगाने के बाद कई बार कटाई की जा सकती है. पशुपालक इन्हें अपने खेत में लगाकर लंबे समय तक हरे चारे की व्यवस्था कर सकते हैं. इनकी अच्छी बढ़त के लिए मिट्टी, सिंचाई और समय-समय पर देखभाल जरूरी होती है. इनकी पहली कटाई एक महीने में हो जाएगी, ऐसा जरूरी नहीं है. फसल तैयार होने में मौसम और किस्म के हिसाब से समय लगता है. किसान जरूरत से ज्यादा चारे को साइलेज बनाकर सुरक्षित रख सकते हैं, जिससे बाद में चारे की कमी होने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके.
यह भी पढ़ें : Rural Business Ideas: खेती के साथ शुरू करें मछली पालन, इन 3 मछलियों से होगी तगड़ी इनकम
