Nagpur Orange Gardening: संतरे का नाम सुनते ही नागपुर के मशहूर संतरे याद आ जाते हैं. इनका स्वाद और खुशबू लोगों को खूब पसंद आती है. अगर आप भी घर में ताजे संतरे उगाना चाहते हैं, तो गमले या घर के आंगन में नागपुर संतरे का पौधा लगा सकते हैं. इसके लिए बड़े खेत की जरूरत नहीं होती, लेकिन पौधे को सही जगह, अच्छी मिट्टी और समय पर देखभाल देना जरूरी है.
हालांकि आपको बता दें कि, गमले में संतरे का पौधा लगाने पर उसकी बढ़वार और फल आने की रफ्तार जमीन में लगे पौधे से कुछ धीमी हो सकती है. लेकिन यह पौधे की किस्म और देखभाल पर भी निर्भर करता है.
पौधे के लिए सही जगह चुनें
संतरे के पौधे को अच्छी धूप की जरूरत होती है. इसलिए गमला ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना कम से कम 6 से 8 घंटे धूप आती हो. घर की बालकनी, छत या आंगन में ऐसी जगह चुन सकते हैं. ध्यान रखें कि पौधे को तेज हवा से बचाने का इंतजाम भी हो. संतरे का पौधा गर्म और हल्के नम मौसम में अच्छी तरह बढ़ता है, लेकिन बहुत ज्यादा ठंड और पाला इसे नुकसान पहुंचा सकता है.
बड़े गमले में लगाएं पौधा
- अगर आप गमले में संतरे का पौधा लगाना चाहते हैं, तो 18 से 24 इंच का गमला चुनें.
- गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होने चाहिए.
- पौधा लगाने के लिए नर्सरी से स्वस्थ और सही किस्म का कलमी पौधा खरीदें.
- बीज से भी पौधा उगाया जा सकता है, लेकिन उसमें फल आने में कई साल लग सकते हैं.
कैसी होनी चाहिए मिट्टी?
संतरे के पौधे के लिए ऐसी मिट्टी अच्छी रहती है, जिसमें पानी जमा न हो और हवा आसानी से पहुंच सके. इसके लिए बगीचे की मिट्टी में अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद या कंपोस्ट और थोड़ी मोटी रेत मिलाकर मिश्रण तैयार कर सकते हैं. पौधे को गमले में लगाते समय उसकी जड़ों को नुकसान न पहुंचाएं. पौधा लगाने के बाद हल्का पानी दें.
यह भी पढ़ें: अमरूद का बाग लगाने के लिए कितनी जमीन की जरूरत, कितना आएगा खर्च?
पानी और खाद का रखें ध्यान
संतरे के पौधे को नियमित पानी देना जरूरी है, लेकिन गमले में पानी भरकर न रखें. जब मिट्टी की ऊपर की परत सूखी महसूस हो, तभी पानी दें. गर्मियों में पानी की जरूरत बढ़ सकती है, जबकि ठंड के मौसम में कम पानी देना पड़ता है. पौधे की बढ़वार के दौरान समय-समय पर कंपोस्ट या संतरे के पौधों के लिए बनी खाद दें. खाद कितनी डालनी है, इसके लिए पैकेट पर दी गई जानकारी का ध्यान रखें.
इन सावधानियों को न करें नजरअंदाज
पौधे की सूखी और बीमार टहनियों को समय-समय पर काटते रहें. पत्तियों पर कीड़े, चिपचिपापन या सफेद धब्बे दिखाई दें, तो ध्यान से जांच करें और जरूरत पड़ने पर कृषि विशेषज्ञ की सलाह लें. गमले को बार-बार जगह न बदलें और पौधे के आसपास सफाई रखें. सबसे जरूरी बात यह है कि फल आने की जल्दी न करें. सही किस्म, धूप, पानी और देखभाल मिलने पर पौधा धीरे-धीरे बड़ा होगा और फल दे सकता है.
यह भी पढ़ें: फसल बुवाई के लिए कहीं नकली बीज तो नहीं ले आए? ऐसे करें पहचान
