पशुओं के लिए चारा खरीदना और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखना किसानों के लिए जरूरी काम है. लेकिन अगर चारे में नमी आ जाए, तो वह जल्दी खराब होने लगता है. खासकर बारिश और ठंड के मौसम में चारे को सही तरीके से रखना जरूरी है. नमी से चारे में फफूंद लगती है, जिससे पशुओं की सेहत और दूध उत्पादन पर भी असर पड़ता है.
चारे को जमीन और दीवार से दूर रखें
पशु चारे को सुरक्षित रखने के लिए उसे सीधे जमीन या फर्श पर रखने से बचना चाहिए. जमीन में मौजूद सीलन धीरे-धीरे चारे और बोरियों तक पहुंच जाती है. इसके लिए चारे की बोरियों को लकड़ी के पट्टों या पैलेट के ऊपर रखें. इससे नीचे से नमी आने का खतरा कम हो जाता है. इसके अलावा बोरियों को दीवार से सटाकर रखने के बजाय थोड़ी दूरी बनाकर रखें, ताकि हवा आसानी से आ-जा सके. चारे को ऐसी जगह रखें जहां छत से पानी न टपकता हो और बारिश का पानी अंदर न पहुंच सके. भंडारण वाली जगह सूखी, साफ और हवादार होनी चाहिए.
चारे को अच्छी तरह सुखाकर ही करें भंडारण
अगर किसान हरा चारा या फसल काटकर लंबे समय तक रखने की योजना बना रहे हैं, तो पहले उसे अच्छी तरह सुखाना जरूरी है. सूखे चारे हे में नमी लगभग 10 से 15 फीसदी के आसपास रखना अच्छा माना जाता है, यह चारे के प्रकार और भंडारण के तरीके पर निर्भर करता है. ज्यादा नमी रहने पर चारे में फफूंद लगने और उसके पोषक तत्व खराब होने का खतरा रहता है. वहीं पशुओं के दाने, खली और दूसरे फीड को खुला छोड़ने से बचें. इस्तेमाल के बाद बोरियों का मुंह अच्छी तरह बांध दें या उन्हें ढक्कन वाले कंटेनर में रखें. इससे नमी के साथ कीड़े लगने का खतरा भी कम होगा.
यह भी पढ़ें : Soil Identification: खेत की मिट्टी किस फसल के लायक, बिना टेस्ट कैसे पहचानें?
खराब चारे की पहचान करें, पशुओं को न खिलाएं
किसानों को समय-समय पर भंडारण किए गए चारे की जांच करते रहना चाहिए. अगर चारे में गांठें बनने लगें, सफेद, हरे या काले रंग के फफूंद जैसे धब्बे दिखाई दें या उसमें से खट्टी और अजीब गंध आने लगे, तो उसे खराब होने का संकेत समझें. ऐसे चारे को स्वस्थ चारे से अलग कर दें और पशुओं को बिल्कुल न खिलाएं. फफूंद लगे चारे में जहरीले तत्व भी होते हैं, जो पशुओं को बीमार करते हैं. चारे का पुराना स्टॉक पहले इस्तेमाल करें और नया चारा पीछे रखें. इससे चारा लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा और खराब होने से होने वाले नुकसान को भी कम होगा.
यह भी पढ़ें : Wool Farming: कैसे करें ऊन फार्मिंग, कम लागत में मिलेगा तगड़ा मुनाफा
