Agriculture

Goat Farming Training: यहां मिल रही बकरी पालन की फ्री ट्रेनिंग, किसान भाइयों के फायदे की बात

N
ABP News
November 6, 2026•3 min read
Goat Farming Training: यहां मिल रही बकरी पालन की फ्री ट्रेनिंग, किसान भाइयों के फायदे की बात

Goat Farming: अगर आप पशुपालन के जरिए कमाई करना चाहते हैं तो बकरी पालन एक अच्छा विकल्प है, लेकिन बिना जानकारी के बकरियां खरीदना और फार्म शुरू करना नुकसान की वजह बन सकता है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए कई सरकारी संस्थान और कृषि केंद्र किसानों को बकरी पालन की ट्रेनिंग देते हैं. कुछ जगहों पर यह प्रशिक्षण मुफ्त मिलता है, जबकि कुछ संस्थानों में फीस देनी पड़ती है. ट्रेनिंग में बकरियों की देखभाल से लेकर बीमारी, चारा और बाजार में बिक्री तक की जानकारी दी जाती है.

यहां से ले सकते हैं बकरी पालन की ट्रेनिंग

बकरी पालन की ट्रेनिंग के लिए किसान अपने जिले के कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क करें. कई कृषि विज्ञान केंद्र समय-समय पर कुछ दिनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करते हैं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मथुरा में स्थित केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान CIRG भी बकरी पालन से जुड़े ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाता है. यहां वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन की जानकारी दी जाती है. राज्य के पशुपालन विभाग और कृषि विश्वविद्यालयों में भी समय-समय पर ट्रेनिंग कैंप लगाए जाते हैं. घर बैठे सीखने के लिए किसान Vet MOOCs पर GADVASU का हिंदी बकरी पालन कोर्स भी कर सकते हैं. यह ऑनलाइन कोर्स मुफ्त उपलब्ध है.

यह भी पढ़ें : UP Farmers: अब विदेश में खेती करेंगे यूपी के किसान, कैसे होगा यह संभव?

ट्रेनिंग में सिखाई जाती हैं ये जरूरी बातें

बकरी पालन की ट्रेनिंग में सबसे पहले बकरियों के रहने के लिए साफ, हवादार और सुरक्षित शेड तैयार करना सिखाया जाता है. इसके साथ ही अपने इलाके के मौसम के हिसाब से सही नस्ल चुनने की जानकारी मिलती है. बकरियों को कितना हरा चारा, सूखा चारा, दाना और पानी देना चाहिए, यह भी बताया जाता है. इसके अलावा टीकाकरण, बीमारियों से बचाव और उनके शुरुआती लक्षण पहचानने की जानकारी दी जाती है. बकरियों के बच्चों की देखभाल, प्रजनन और तैयार बकरियों को सही बाजार में बेचने जैसे काम भी ट्रेनिंग का हिस्सा होते हैं. इससे किसान फार्म शुरू करने से पहले जरूरी कामों को समझ सकते हैं.

ट्रेनिंग के साथ मिलती है सरकारी मदद

बकरी पालन की ट्रेनिंग लेने से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी मिलती है. राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत पात्र लोगों और संस्थाओं को भेड़-बकरी ब्रीडिंग यूनिट स्थापित करने के लिए परियोजना लागत का 50 प्रतिशत तक पूंजी अनुदान मिलता है. इसकी अधिकतम सीमा 50 लाख रुपये है. पर यह सहायता हर छोटे बकरी पालन फार्म के लिए नहीं है. इसके लिए तय यूनिट आकार और दूसरी शर्तें पूरी करनी होती हैं. किसान बैंक से लोन लेने के विकल्प भी देख सकते हैं और पशुपालन विभाग से पशु बीमा की जानकारी ले सकते हैं. ट्रेनिंग या किसी योजना के लिए आवेदन करने से पहले उसकी पात्रता और नियम जरूर जांचें.

यह भी पढ़ें : Sugarcane Farmers: कर्नाटक में चीनी की MSP को लेकर विवाद, क्या मांग कर रहे किसान?

Topics & Tags:#Agriculture
Goat Farming Training: यहां मिल रही बकरी पालन की फ्री ट्रेनिंग, किसान भाइयों के फायदे की बात | Kisan Reporter