Agriculture

Grow Popcorn at Home: घर में कैसे उगाएं पॉपकॉर्न वाली मक्का, कितने दिनों में मिलने लगेगा फल?

N
ABP News
November 19, 2026•3 min read
Grow Popcorn at Home: घर में कैसे उगाएं पॉपकॉर्न वाली मक्का, कितने दिनों में मिलने लगेगा फल?

पॉपकॉर्न वाली मक्का आम मक्का से थोड़ी अलग होती है. इसके दाने पकने और अच्छी तरह सूखने के बाद गर्म करने पर फूलकर पॉपकॉर्न बनते हैं. इसे घर के बगीचे या क्यारी में आसानी से उगाया जा सकता है. इसके लिए ऐसी जगह चुनें जहां रोजाना कम से कम 6 से 8 घंटे धूप आती हो. अच्छी मिट्टी, सही दूरी और समय पर पानी देने से पौधों की बढ़त अच्छी होती है. बीज बोने के करीब 7 से 10 दिनों में अंकुर निकलने लगते हैं. बस इन बातों का रखें ख्याल.

सही बीज चुनें और इस तरह करें बुवाई

सबसे पहले पॉपकॉर्न बनाने वाली मक्का के अच्छे बीज खरीदें. सामान्य मक्का के दानों से पॉपकॉर्न बनाने की उम्मीद न करें, क्योंकि इसके लिए खास किस्म के बीज होते हैं. बीजों को सीधे मिट्टी में करीब 1 से 2 इंच गहराई पर बोएं. पौधों के बीच लगभग 15 से 20 सेंटीमीटर और कतारों के बीच 40 से 60 सेंटीमीटर की दूरी रखें. अगर आपके पास छोटी जगह है तो बड़े गमले या ग्रो बैग में भी इसे उगाएं. मक्का के पौधों को अच्छी बढ़त के लिए पर्याप्त जगह की जरूरत होती है.

पानी और खाद देने का रखें ध्यान

मक्का के पौधों को ऐसी मिट्टी पसंद होती है जिसमें पानी आसानी से निकल सके. बुवाई से पहले मिट्टी में गोबर की अच्छी तरह सड़ी खाद या कम्पोस्ट मिला दें. पौधों को नियमित पानी दें और ध्यान रखें कि मिट्टी में नमी बनी रहे. ज्यादा पानी देने से बचें, क्योंकि इससे जड़ों को नुकसान होता है. समय-समय पर पौधों के आसपास उगने वाली घास और खरपतवार भी हटाते रहें. मक्का को हवा के जरिए परागण में मदद मिलती है, इसलिए इसे एक लंबी लाइन में लगाने के बजाय 3 से 4 छोटी कतारों में लगाना बेहतर रहता है. इससे भुट्टों में दाने अच्छी तरह भरने में मदद मिलती है.

यह भी पढ़ें : Sugarcane Farming Subsidy: गन्ने की खेती के लिए 44 कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी, ऐसे उठाएं लाभ

कितने दिनों में तैयार होंगे भुट्टे?

पॉपकॉर्न वाली मक्का के बीज आमतौर पर 7 से 10 दिनों में अंकुरित हो जाते हैं. वहीं, किस्म और मौसम के अनुसार करीब 90 से 120 दिनों में भुट्टे पककर तैयार होते हैं. जब पौधे और भुट्टे के छिलके सूखने लगें और दाने सख्त हो जाएं, तब कटाई की जाती है. पॉपकॉर्न बनाने के लिए भुट्टों को अच्छी तरह सुखाना जरूरी है. कटाई के बाद छिलके हटाकर भुट्टों को सूखी और हवादार जगह पर रखें. दानों में सही मात्रा में नमी रहने पर ही वे गर्म करने पर अच्छी तरह फूलते हैं. इसलिए दानों को बहुत गीला या जरूरत से ज्यादा सूखा न होने दें.

यह भी पढ़ें : Azam Khan: कितने बीघा खेत के मालिक हैं आजम खान, कहां है उनकी पुश्तैनी जमीन?

Topics & Tags:#Agriculture
Grow Popcorn at Home: घर में कैसे उगाएं पॉपकॉर्न वाली मक्का, कितने दिनों में मिलने लगेगा फल? | Kisan Reporter