Agriculture

Grow Potatoes at Home: घर की छत पर आलू उगाने हैं, इसके लिए कितनी जगह चाहिए?

N
ABP News
November 25, 2026•3 min read
Grow Potatoes at Home: घर की छत पर आलू उगाने हैं, इसके लिए कितनी जगह चाहिए?

आजकल लोग घर की छत और बालकनी में ही ताजी सब्जियां उगाना पसंद कर रहे हैं. इसके लिए गमले, पुराने डिब्बे और ग्रो बैग का इस्तेमाल किया जाता है. अगर आप भी घर पर आलू उगाना चाहते हैं तो इसके लिए खेत या बड़े बगीचे की जरूरत नहीं है. छत पर थोड़ी सी खाली जगह रखकर आप आलू के कई पौधे लगा सकते हैं. सही मिट्टी, धूप और पानी मिलने पर ग्रो बैग में भी अच्छी फसल तैयार होती है.

कितनी जगह में उगा सकते हैं आलू?

घर की छत पर आलू उगाने के लिए बहुत ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती. एक पौधे के लिए करीब 12 से 15 इंच चौड़ा और कम से कम 12 से 15 इंच गहरा ग्रो बैग इस्तेमाल करें. अगर आप शुरुआत में 2 से 3 ग्रो बैग लगाना चाहते हैं तो करीब 2 से 3 फीट जगह काफी होती है. वहीं, 5 से 6 ग्रो बैग रखने के लिए लगभग 16फीट जगह की जरूरत पड़ेगी. ग्रो बैग को इस तरह रखें कि हर पौधे को अच्छी धूप मिल सके और उनके बीच हवा आने-जाने की जगह भी रहे. ध्यान रखें कि छत पर ग्रो बैग रखने से पहले उसकी पानी निकासी और वजन सहने की क्षमता का भी ध्यान रखें.

यह भी पढ़ें : महंगा दाना खरीदने की जरूरत नहीं, मुर्गियों को खिलाएं ये सस्ते विकल्प

आलू उगाने के लिए कैसे तैयार करें मिट्टी?

आलू लगाने के लिए सबसे पहले सही आकार का ग्रो बैग चुनें. इसके नीचे छोटे छेद होने चाहिए, ताकि पानी आसानी से बाहर निकल सके. अब मिट्टी तैयार करने के लिए सामान्य बगीचे की मिट्टी में गोबर की अच्छी तरह सड़ी खाद या कंपोस्ट मिलाएं. मिट्टी ऐसी होनी चाहिए जिसमें पानी जमा न हो और पौधों की जड़ों को बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिले. आलू लगाने के लिए बाजार से बीज वाले आलू ले या ऐसे आलू इस्तेमाल करें जिनमें छोटी-छोटी आंखें या अंकुर निकल आए हों. आलू को मिट्टी में करीब 3 से 4 इंच गहराई पर लगाएं और ऊपर से मिट्टी डाल दें. एक बड़े ग्रो बैग में जगह के हिसाब से एक या दो बीज वाले आलू लगाए लें.

पौधों की देखभाल कैसे करें और कब मिलेगी फसल?

आलू के पौधों को अच्छी तरह बढ़ने के लिए रोजाना करीब 5 से 6 घंटे धूप की जरूरत होती है. इसलिए ग्रो बैग ऐसी जगह रखें जहां पौधों को पर्याप्त रोशनी मिल सके. मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार पानी दें, लेकिन ज्यादा पानी डालने से बचें. जब पौधा बड़ा होने लगे तो उसके तने के आसपास थोड़ी-थोड़ी मिट्टी और कंपोस्ट डालते रहें. इससे आलू को मिट्टी के अंदर बढ़ने के लिए जगह मिलती है और वे धूप के संपर्क में आने से भी बचते हैं. आमतौर पर आलू की फसल तैयार होने में 80 से 100 दिन लगते हैं. यह समय आलू की किस्म और मौसम पर निर्भर करता है. जब पौधों की पत्तियां पीली होकर सूखने लगें तो कुछ दिन बाद मिट्टी हटाकर आलू निकाल सकते लें.

यह भी पढ़ें : Tarbandi Yojana: खेत में बाड़ लगाने के लिए कैसे मिलती है सरकारी मदद, जानें पूरा प्रोसेस?

Topics & Tags:#Agriculture
Grow Potatoes at Home: घर की छत पर आलू उगाने हैं, इसके लिए कितनी जगह चाहिए? | Kisan Reporter