Guava Orchard Cost: अगर आप खेती से अच्छी कमाई करना चाहते हैं, तो अमरूद का बाग लगाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है. अमरूद की मांग बाजार में सालभर बनी रहती है. साथ ही इसकी खेती कई तरह की मिट्टी में की जा सकती है. यही वजह है कि, छोटे और बड़े किसान भी इसकी बागवानी में दिलचस्पी ले रहे हैं.
लेकिन अमरूद का बाग लगाने से पहले मन में दो सवाल जरूर आते हैं. पहला ये कि, इसके लिए कितनी जमीन चाहिए और दूसरा की शुरुआत में कितना पैसा लगाना होगा? अगर आप भी इसे लेकर कंफ्यूज हैं तो आइए इसके बारे में डिटेल में समझते हैं.
कितनी जमीन में लगा सकते हैं अमरूद का बाग?
अमरूद का बाग लगाने के लिए कोई तय न्यूनतम जमीन जरूरी नहीं है. किसान अपने पास मौजूद जमीन के हिसाब से इसकी शुरुआत कर सकते हैं. हालांकि, अगर आप व्यावसायिक तरीके से बाग लगाना चाहते हैं, तो एक एकड़ जमीन से शुरुआत कर सकते हैं. इसमें पौधों की दूरी के हिसाब से उनकी संख्या तय होती है.
- सामान्य तरीके से अमरूद के पौधे 6 x 6 मीटर की दूरी पर लगाए जाते हैं.
- इस हिसाब से एक हेक्टेयर में करीब 275 से 278 पौधे लग सकते हैं.
- वहीं, एक एकड़ में लगभग 110 से 112 पौधे लगाए जा सकते हैं.
- अगर किसान कम दूरी पर पौधे लगाना चाहते हैं, तो सघन बागवानी का तरीका भी अपना सकते हैं.
- इसमें पौधों की संख्या बढ़ जाती है, लेकिन समय-समय पर उनकी कटाई-छंटाई करना जरूरी होता है.
अमरूद का बाग लगाने में कितना खर्च आएगा?
अब बात करते हैं खर्च की. अमरूद का बाग लगाने में पौधे खरीदने, खेत तैयार करने, गड्ढे खोदने, खाद डालने, सिंचाई की व्यवस्था करने और मजदूरी पर पैसा खर्च होता है. नाबार्ड की 2025-26 की इकाई लागत के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 6 x 6 मीटर की दूरी पर एक हेक्टेयर अमरूद का बाग लगाने की अनुमानित लागत 3.43 लाख रुपये से ज्यादा रखी गई है. इस हिसाब से एक एकड़ का खर्च करीब 1.39 लाख रुपये बैठता है. 
यह भी पढ़ें: फसल बुवाई के लिए कहीं नकली बीज तो नहीं ले आए? ऐसे करें पहचान
बाग लगाने के लिए कैसी होनी चाहिए जमीन?
अमरूद के पौधों के लिए ऐसी जमीन चुनें जहां पानी जमा न होता हो. खेत की अच्छी तरह जुताई करके उसे समतल कर लें. इसके बाद तय दूरी पर गड्ढे खोदें. गड्ढों में ऊपर की उपजाऊ मिट्टी के साथ अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद मिलाकर भरें. पौधे हमेशा भरोसेमंद नर्सरी से खरीदें, ताकि अच्छी किस्म के स्वस्थ पौधे मिल सकें.
इन बातों का रखें ध्यान
अमरूद के पौधों को शुरुआती समय में नियमित पानी की जरूरत होती है. गर्मी में सिंचाई का खास ध्यान रखें और खेत में खरपतवार न पनपने दें. पौधों की समय-समय पर कटाई-छंटाई भी करें, ताकि शाखाओं का फैलाव ठीक रहे. बाग लगाने से पहले अपने इलाके के कृषि या उद्यान विभाग के विशेषज्ञ से किस्म और पौधों की दूरी की जानकारी जरूर लें. इससे किसान सही तरीके से बाग तैयार कर सकेंगे और बेवजह का खर्च भी बचा पाएंगे.
यह भी पढ़ें: चने की बुआई में हो गई है देरी? ये 7 किस्में कम समय में देंगी अच्छी पैदावार
