Agriculture

एक दिन में कितने लीटर दूध देती है जर्सी गाय, उत्पादन बढ़ाने के लिए क्या करें?

N
ABP News
September 24, 2026•3 min read
एक दिन में कितने लीटर दूध देती है जर्सी गाय, उत्पादन बढ़ाने के लिए क्या करें?

जर्सी गाय मूल रूप से ब्रिटेन और फ्रांस के बीच इंग्लिश चैनल में स्थित जर्सी द्वीप की नस्ल है. भारत में यह नस्ल डेयरी विकास और दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए आयात की गई थी. जर्सी गाय को भारत में डेयरी किसानों के बीच काफी पसंद किया जाता है. इसका मुख्य कारण है कि यह कम चारे में भी अच्छा दूध दे सकती है. हालांकि, हर जर्सी गाय का दूध उत्पादन एक जैसा नहीं होता. दूध की मात्रा गाय की नस्ल की शुद्धता, उम्र, स्वास्थ्य, खान-पान और पशु की देखभाल पर निर्भर करती है.

ऐसे में अगर आप अपनी गाय की सही देखभाल कर उसका उत्पादन बढ़ाना चाहते हैं तो जानिए इसके लिए कुछ आसान तरीके. ध्यान रहे कि गाय का दूध उत्पादन बढ़ाने के किसी दवाई का सहारा लेने की बजाय उसकी देखभाल करना ज्यादा असरदार होता है. हालांकि अगर फिर भी ऐसा नहीं हो रहा है, तो इसके लिए पशु को नुकसान पहुंचाना सही नहीं है.

एक दिन में कितना दूध देती है जर्सी गाय?

एक जर्सी गाय आमतौर पर दिन में करीब 10 से 15 लीटर दूध दे सकती है. अच्छी नस्ल, बेहतर पोषण और उचित देखभाल वाली गायों में उत्पादन इससे अधिक भी हो सकता है. वहीं, सामान्य परिस्थितियों में कुछ गायों का उत्पादन इससे कम रहता है. दूध उत्पादन को केवल गाय की नस्ल देखकर तय नहीं किया जा सकता. गाय ने हाल ही में बछड़ा दिया है या नहीं, वह किस अवस्था में है और उसे पर्याप्त पोषक आहार मिल रहा है या नहीं, इन बातों का भी बड़ा असर पड़ता है.

संतूलित आहार पर दें ध्यान

दूध बढ़ाने के लिए सिर्फ ज्यादा चारा देना पर्याप्त नहीं है. गाय को हरा चारा, सूखा चारा और संतुलित दाना उचित मात्रा में देना भी जरूरी होता है. गाय को दिए जाने वाले आहार में ऊर्जा, प्रोटीन, फाइबर, खनिज और विटामिन का संतुलन होना चाहिए. वहीं गाय को पर्याप्त पानी पिलाएं. दूध का बड़ा हिस्सा पानी होता है. इसलिए गाय के सामने साफ और पर्याप्त पानी हर समय उपलब्ध रहना चाहिए. गर्मी के मौसम में पानी की जरूरत और बढ़ जाती है.

यह भी पढ़ें : मशरूम की खेती से होगी तगड़ी कमाई, सरकार दे रही है भारी छूट

मिनरल मिक्सचर का ध्यान रखें

कैल्शियम, फॉस्फोरस और दूसरे जरूरी मिनरल्स की कमी से गाय के स्वास्थ्य और दूध उत्पादन पर असर पड़ सकता है. पशु चिकित्सक या पशु पोषण विशेषज्ञ की सलाह से उचित मिनरल मिक्सचर देना फायदेमंद हो सकता है. गाय के रहने की जगह सूखी और साफ होनी चाहिए. गंदे या गीले स्थान पर रहने से संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. वहीं गाय के थन की सफाई भी दूध निकालने से पहले और बाद में ठीक तरीके से करनी चाहिए.

समय पर दूध निकालें

हर दिन लगभग तय समय पर दूध निकालने की आदत रखें. दूध निकालते समय जल्दबाजी या अनावश्यक तनाव से बचें. गाय के थन में सूजन, गर्माहट, दर्द या दूध में असामान्य बदलाव दिखे तो पशु चिकित्सक से जांच कराएं. दूध उत्पादन से ज्यादा गाय की सेहत जरूरी है. जर्सी गाय गर्म मौसम में भी दूध दे सकती है, लेकिन ज्यादा गर्मी और नमी से उसका खाना कम हो सकता है और दूध उत्पादन घट सकता है. ऐसे में उसके लिए छायादार जगह और पर्याप्त पानी की व्यवस्था मदद कर सकती है.

यह भी पढ़ें : कैसे करें शरबती गेहूं की खेती? एक ही फसल में हो जाएंगे मालामाल

Topics & Tags:#Agriculture
एक दिन में कितने लीटर दूध देती है जर्सी गाय, उत्पादन बढ़ाने के लिए क्या करें? | Kisan Reporter