अलग-अलग लोगों को अलग-अलग तरह की कार पसंद होती है. किसी को बड़ी, किसी को छोटी किसी को स्टाइलिश लुक वाली तो किसी को बढ़िया माइलेज वाली कार पसंद होती है. वहीं अगर गांव की सड़कों पर कार चलाने की बात आए तो वहां ऐसे कार पसंद की जाती है. जो खराब सड़कों पर भी बिना दिक्कत के चल सके. इसलिए गांव के किसानों की सबसे पहली पसंद है महिंद्रा बोलेरो. भारत के ग्रामीण इलाकों और खेती-किसानी से जुड़े परिवारों के बीच इस गाड़ी का दबदबा सालों से एकतरफा रहा है.
फैंसी फीचर्स और चमकदार टचस्क्रीन वाली आधुनिक कारों के आने के बाद भी बोलेरो की बिक्री पर रत्ती भर भी फर्क नहीं पड़ा है. हर साल इसकी हजारों यूनिट्स शोरूम से धड़ाधड़ बाहर निकलती हैं. जुलाई 2026 में भी महिंद्रा ने बोलेरो की 9336 यूनिट्स बेची हैं. किसान इसे सिर्फ एक सामान्य सवारी गाड़ी नहीं बल्कि अपने परिवार के एक मजबूत और भरोसेमंद सदस्य की तरह मानते हैं. यही वजह है कि आज भी महिंद्रा बोलेरो यह देश के ग्रामीण बाजार की सबसे पसंदीदा और सबसे ज्यादा बिकने वाली यूटिलिटी गाड़ी बनी हुई है.
खराब रास्तों पर आसानी से चलती है
गांवों में पक्की सड़कों के साथ-साथ कच्चे, पथरीले और गड्ढों से भरे रास्तों का सामना करना पड़ता है. ऐसे मुश्किल रास्तों में स्टाइलिश गाड़ियां जल्दी दम तोड़ देती हैं. लेकिन बोलेरो का मेटल बॉडी स्ट्रक्चर इसे एक अलग ही मजबूती देता है.
इसके मजबूत स्टील बंपर और सॉलिड चेसिस की वजह से यह ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर बिना किसी झिझक के निकल जाती है. इसका 180 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस और मजबूत सस्पेंशन सेटअप खेत के गहरे गड्ढों, पानी और कीचड़ भरे रास्तों पर गाड़ी के निचले हिस्से को किसी भी तरह के नुकसान से बचाए रखता है.
रियर-व्हील ड्राइव यानी RWD सेटअप होने के चलते जब गाड़ी में पूरा वजन लोड होता है. तब भी यह चढ़ाई या फिसलन भरे रास्तों पर बेहतरीन ग्रिप और पावर देती है. किसानों को इस बात का पूरा भरोसा रहता है कि चाहे रास्ता कितना भी खराब क्यों न हो बोलेरो उन्हें कभी बीच रास्ते में नहीं छोड़ेगी.

सस्ता मेंटेनेंस और आसानी से मिलने वाले पार्ट्स
खेती-किसानी में गाड़ी चुनते वक्त सबसे बड़ा पैमाना उसके रखरखाव और माइलेज का होता है. बोलेरो का 1.5-लीटर mHawk75 डीजल इंजन अपनी बेजोड़ रिलायबिलिटी और लो-मेंटेनेंस के लिए जाना जाता है. यह इंजन भारी वजन उठाने के लिए कम आरपीएम पर ही शानदार टॉर्क जनरेट करता है. जिससे गाड़ी का दम कभी घुटता नहीं है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसका कोई भी स्पेयर पार्ट बेहद किफायती कीमत पर गांव-कस्बों की छोटी दुकानों पर भी आसानी से मिल जाता है.
इसके किसी भी काम के लिए आपको शहर के बड़े सर्विस सेंटर जाने की मजबूरी नहीं होती. लोकल मैकेनिक भी इसे चुटकियों में ठीक कर देते हैं. इसके साथ ही डीजल पर मिलने वाला 14 से 16 किमी प्रति लीटर का शानदार माइलेज रोजाना के खर्च को एकदम काबू में रखता है. कम खर्चे में सालों-साल बिना नखरे के चलते रहना ही इसे किसानों की सबसे पहली पसंद बनाता है.
यह भी पढ़ें: क्या है फैंसी गप्पी फिश फार्मिंग? 2 महीने में ही होने लगेगा मोटा मुनाफा
किसानों के हिसाब से कई खूबियां
किसानों की जरूरतें हमेशा अलग-अलग होती हैं और बोलेरो किसानों के सभी कामों को पूरा कर देती है. इसमें 7 लोगों के बैठने की आरामदायक जगह तो मिलती ही है. इसके साथ ही पीछे की फोल्डेबल सीटों को मोड़ते ही यह एक शानदार लगेज स्पेस में बदल जाती है. दूध की टंकियां हों, सब्जी की पेटियां हों या फिर भारी बोरियां सब कुछ इसमें आसानी से लोड किया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर यह गाड़ी एक मिनी-लोडर का काम बखूबी निभा देती है.

इसके अलावा भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में बोलेरो की रीसेल वैल्यू का कोई मुकाबला नहीं है. अगर कोई किसान भाई इसे 8 से 10 साल तक दबाकर इस्तेमाल करने के बाद भी बेचने निकलता है. तो बाजार में इसे तुरंत ग्राहक मिल जाते हैं और बेहद शानदार कीमत मिलती है. यह गाड़ी समय के साथ अपनी कीमत नहीं खोती बल्कि एक बढ़िया एसेट की तरह काम करती है.
यह भी पढ़ें: एथेनॉल से किस राज्य के किसानों को मिल रहा है सबसे ज्यादा फायदा? जानें डिटेल्स
