खेती-किसानी करना अपने आप में किसी चुनौती से कम नहीं है. दिन-रात एक करके किसान अपनी फसल तैयार करता है सींचता है और जब फसल उगने लगती है तो अचानक कोई न कोई नई मुसीबत सामने आ खड़ी होती है. कभी मौसम की मार तो कभी आवारा जानवर और इन सबके बीच एक ऐसा जीव है जो खेत में घुसकर किसानों की रातों की नींद उड़ा देता है वह है गोयरा यानी मॉनिटर लिज़ार्ड.
यह छिपकली प्रजाति का भारी-भरकम जीव जब खेत में आता है. तो न सिर्फ फसल को बर्बाद करता है. बल्कि कई बार डर का माहौल भी पैदा कर देता है. अगर आपके भी खेतों में गोयरे ने आतंक मचा रखा है और आपकी मेहनत पर पानी फेर रहा है, तो अब परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. इन तरीकों से आप गोयरा से अपने खेत का बचाव कर सकते हैं.
खेत की बाउंड्री और फेंसिंग को बनाएं मजबूत
गोयरे को खेत में घुसने से रोकने का सबसे सही तरीका है खेती की बाउंड्री को एकदम मजबूत करना. गोयरे जमीन पर रेंगने वाले भारी जीव होते हैं. इसलिए वे आम तौर पर खेत की खुली हुई मेड़ों से ही अंदर घुसते हैं. आपको सबसे पहले अपने खेत की मेड़ों को अच्छे से ऊंचा करना चाहिए और चारों तरफ बारीक लोहे की जाली या कांटेदार तारों की फेंसिंग मजबूत कर देनी चाहिए.
अगर हो सके तो खेत के किनारों पर नीचे की तरफ थोड़ी ईंटें और पत्थर की चुनाई कर दें जिससे वह जमीन खोदकर अंदर न घुस सके. इसके अलावा खेत की मेड़ पर उगी हुई बड़ी-बड़ी झाड़ियों और खरपतवार को समय-समय पर साफ करवाते रहना चाहिए. जब खेत के किनारे एकदम साफ-सुथरे रहेंगे. तो गोयरे को छिपने की जगह नहीं मिलेगी थोड़ी सी मेहनत से आप अपनी फसल को बड़े नुकसान से बचा सकते हैं.

देसी गंध और नेचुरल रिपेलेंट का नुस्खा
गोयरे की सूंघने की शक्ति बहुत तेज होती है और वह कुछ खास महक को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर पाता. आप अपने खेत के चारों तरफ फिनाइल, तारपीन का तेल, या फिर केरोसिन में भिगोए हुए पुराने कपड़ों के टुकड़े जगह-जगह लटका सकते हैं या मेड़ पर रख सकते हैं. इसके अलावा लहसुन, तीखी लाल मिर्च का पाउडर और नीम के तेल का एक गाढ़ा घोल बनाकर खेत के चारों किनारों पर छिड़काव कर दें.
इस तीखी और उग्र गंध की वजह से गोयरा उस इलाके में कदम भी नहीं रखेगा. बहुत से किसान इस देसी जुगाड़ को काफी लंबे समय से खेतों में आजमा रहे हैं. जिससे बिना किसी केमिकल के और बिना जानवर को नुकसान पहुंचाए उसे आसानी से भगाया जा सकता है. महीने में दो-तीन बार यह उपाय दोहराते रहने से खेत पूरी तरह सुरक्षित रहता है. अगर आपको कहीं बड़ा गोयरा नजर आए तो उसे खुद से पकड़ने की कोशिश न करें. ऐसे में लोकल वन विभाग की टीम को बुलाएं.

यह भी पढ़ें: गाय दूध का कैसे बनाएं पाउडर? बाजार में है बंपर डिमांड
पानी की निकासी और गड्ढों को करें बंद
क्या आपने कभी सोचा है कि गोयरा आखिरकार आपके खेत की तरफ ही क्यों खिंचा चला आता है? इसकी सबसे बड़ी वजह होती है खेत के आसपास का नमी वाला माहौल, छोटे तालाब, गड्ढे और पानी की सीलन. गोयरे को अक्सर ठंडी और नम जगहें पसंद होती हैं जहां वह छिप सके या कीड़े-मकोड़े खा सके. अगर आपके खेत में ऐसे कई गड्ढे या जलभराव वाली जगहें हैं. तो सबसे पहले उन्हें मिट्टी से भरवाकर समतल कर दें.
रात के समय पानी का बहाव ऐसे सेट करें कि खेत के बीच में लंबे समय तक कीचड़ और पानी न जमा हो. इसके अलावा खेत में मरे हुए चूहे और कचरा बिल्कुल न इकट्ठा होने दें. क्योंकि इन्हें खाने के लिए भी गोयरे खेत की तरफ खींचे चले आते हैं. खेत को सूखा और साफ-सुथरा रखकर आप इस समस्या की जड़ को ही खत्म कर सकते हैं. अगर आप इन तरीकों को आजमाते हैं तो आपका खेत एकदम सुरक्षित रहेगा.
यह भी पढ़ें: 10 भैंस पालने के लिए हर महीने कितने चारे की होगी जरूरत? जान लें हिसाब-किताब
