किचन गार्डनिंग लोगों के बीच काफी पसंद की जाती है. इसे कम जगह मे आसानी से घर की छत या बालकनी में किया जा सकता है. टमाटर को आमतौर पर किचन गार्डन के लिए सबसे लोकप्रिय माना जाता है. हालांकि इन्हें केवल उगाना ही काफी नहीं होता. टमाटर के पौधों को नियमित देखभाल की जरूरत होती है. सही समय पर ध्यान न देने से टमाटर प्रभावित हो सकते हैं.
अगर आपने भी अपने घर में टमाटर उगाएं है, तो जानें उनकी देखभाल करने के आसान तरीके और रोगों को पहचान ने के असरदार टिप्स. टमाटर के पौधे पर रोग लगने का पता आमतौर पर उनकी पत्तियां और फल को देखकर लगाया जा सकता है. खासकर बारिश या ज्यादा नमी वाले मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. अगर समय रहते इनकी पहचान न की जाए तो पौधे की बढ़वार रुक सकती है और टमाटर की पैदावार भी कम हो सकती है.
पत्तियों पर दिखने लगे काले या भूरे धब्बे
टमाटर के पौधों में फंगल रोग काफी आम हैं. यदि पत्तियों पर छोटे-छोटे भूरे या काले धब्बे दिखाई देने लगें, तो यह अगेती और पछेती झुलसा रोग हो सकता हैं. धीरे-धीरे ये धब्बे बड़े होने लगते हैं और पत्तियां पीली पड़कर सूखने लगती हैं. ज्यादा नमी और पौधे के आसपास हवा का सही तरीके से न पहुंचना इस समस्या को बढ़ाता है. इससे बचने के लिए गमले को ऐसी जगह रखें जहां पौधे को पर्याप्त धूप मिले और हवा भी आती-जाती रहे.
पत्तियां मुड़ने लगें तो दें ध्यान
कभी-कभी टमाटर के पौधे की पत्तियां ऊपर या नीचे की तरफ मुड़ने लगती हैं. इसके पीछे पानी की कमी, ज्यादा पानी, कीट या वायरस जैसे कई कारण हो सकते हैं. अगर पत्तियां मुड़ने के साथ उनका रंग भी बदल रहा है और पौधे की बढ़वार रुक गई है, तो पौधे की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए. ऐसे में गमले में पानी तभी दें जब ऊपर की मिट्टी हल्की सूखी लगे. वहीं लगातार गीली मिट्टी रहने से जड़ों को नुकसान पहुंचता है.
यह भी पढ़ें: अलग सब्जी ट्राई करने का मन है पर केमिकल वाली नहीं, तो घर पर उगाएं कद्दू
सफेद पाउडर जैसा दिखे तो हो सकता है रोग
टमाटर की पत्तियों पर सफेद पाउडर जैसी परत दिखाई दे तो यह फंगल बीमारी का संकेत हो सकता है. शुरुआत में यह पत्तियों के कुछ हिस्सों पर दिखाई देती है, लेकिन अनदेखी करने पर तेजी से फैल सकती है. ऐसे में प्रभावित पत्तियों को हटाकर पौधे के आसपास साफ-सफाई रखना बेहतर होता है. इस समस्या से बचने के लिए गमले में पानी निकलने के लिए नीचे पर्याप्त छेद होने चाहिए. भारी और पानी रोकने वाली मिट्टी की जगह ऐसी मिट्टी इस्तेमाल करें जिसमें पानी आसानी से निकल सके.
कीटों पर भी रखें नजर
रोगों के अलावा टमाटर के पौधों पर सफेद मक्खी, एफिड और अन्य छोटे कीट भी हमला कर सकते हैं. ये पत्तियों का रस चूसकर पौधे को कमजोर कर देते हैं. कुछ कीट पौधों में वायरस जैसी समस्याओं को फैलाने का काम भी करते हैं. इसलिए हफ्ते में एक-दो बार पत्तियों की ऊपर और नीचे दोनों तरफ जांच करें. कीट की समय पर पहचान करने से रोग आसानी से पकड़ में आ जाता है.
इन बातों का रखें ध्यान
गमले में टमाटर के पौधे को रोजाना पर्याप्त रोशनी मिलना जरूरी होता है. पौधे की समय-समय पर छंटाई करें ताकि हवा आसानी से अंदर तक पहुंच सके. सबसे जरूरी बात यह है कि किसी भी पत्ते पर असामान्य धब्बे, सफेद परत या अचानक मुरझाने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत कारण पहचानने की कोशिश करें.
यह भी पढ़ें: पाइनएप्पल की खेती में ये बातें ध्यान रखें, होगी बढ़िया कमाई
