Punjab Sugarcane Price: गन्ने की खेती करने वाले किसानों के लिए बड़ी खबर है. पंजाब सरकार ने नए पेराई सीजन से पहले गन्ने का भाव बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है. इस बढ़ोतरी के बाद अब किसानों को पिछले सीजन के मुकाबले हर क्विंटल पर 15 रुपये ज्यादा मिलेंगे. सरकार का दावा है कि, यह भाव पूरे देश में सबसे ज्यादा है.
इसके साथ ही चीनी मिलों में पेराई शुरू करने की तारीख भी तय कर दी गई है. 25 नवंबर 2026 से मिलें चालू हो जाएंगी. इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी होगी. ऐसे में आइए जानते हैं कि गन्ने के नए भाव से किसानों को कितना फायदा होगा और इस सीजन में क्या बदलाव किए गए हैं.
पिछले साल कितना था गन्ने का भाव?
पिछले पेराई सीजन यानी 2025-26 में किसानों को गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा था. अब नए सीजन 2026-27 के लिए इसे बढ़ाकर 431 रुपये कर दिया गया है. यानी किसानों को हर क्विंटल पर 15 रुपये ज्यादा मिलेंगे.
इस हिसाब से अगर कोई किसान 100 क्विंटल गन्ना चीनी मिल को बेचता है तो उसे पिछले साल के मुकाबले 1,500 रुपये ज्यादा मिलेंगे. वहीं, 500 क्विंटल गन्ना बेचने पर 7,500 रुपये की अतिरिक्त कमाई होगी. हालांकि, असल भुगतान गन्ने की तौल और लागू नियमों के हिसाब से होगा.
देश में सबसे ज्यादा हुआ गन्ने का भाव
सरकार के मुताबिक, नए भाव के साथ यहां के गन्ना किसानों को देश में सबसे ज्यादा कीमत मिलेगी. पड़ोसी राज्य हरियाणा में गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. ऐसे में नए भाव के बाद किसानों को वहां के मुकाबले भी एक रुपया ज्यादा मिलेगा. गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) 365 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. लेकिन राज्य सरकारें किसानों को इससे ज्यादा भाव दे सकती हैं. इसलिए राज्य का परामर्श मूल्य (SAP) और केंद्र का FRP अलग-अलग होते हैं.
यह भी पढ़ें: खेती के लिए लोन चाहिए, बिना गारंटी मिलेगा इतना कर्ज
25 नवंबर से शुरू होंगी चीनी मिलें
नए पेराई सीजन के लिए 25 नवंबर से चीनी मिलों में काम शुरू करने की तैयारी है. मिलें चालू होने से किसान अपनी तैयार फसल को बेच सकेंगे. इससे गन्ने की कटाई और ढुलाई का काम भी तेज होगा. इस सीजन में खेती का रकबा करीब 1.16 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है, जबकि पिछले साल यह लगभग 1.12 लाख हेक्टेयर था.
किसानों की मांग इससे ज्यादा
हालांकि, गन्ने का भाव बढ़ने के बाद भी किसान संगठन पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं. उनकी मांग है कि, गन्ने की कीमत 550 रुपये प्रति क्विंटल की जाए. किसानों का कहना है कि, खेती में खाद, मजदूरी, डीजल और सिंचाई का खर्च लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में बढ़ा हुआ भाव उनकी लागत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है. किसानों के लिए नए सीजन में बढ़ा हुआ भाव राहत जरूर दे सकता है, लेकिन उन्हें समय पर भुगतान मिलना भी उतना ही जरूरी है.
यह भी पढ़ें: PM Kisan: 25वीं किस्त से पहले कर लें ये काम, वरना अटक सकता है पैसा!
