Rabi Crops Seeds: रबी फसलों की बुवाई का समय चल रहा है. ऐसे में किसानों के सामने सबसे बड़ी चिंता अच्छी क्वालिटी के बीज खरीदने की होती है. गेहूं, चना, मटर, मसूर और सरसों जैसी फसलों की अच्छी पैदावार के लिए सही बीज चुनना बहुत जरूरी है. लेकिन कई किसानों को यह जानकारी नहीं होती कि उनके जिले या शहर में सरकारी बीज कहां मिलेंगे और कहां से सस्ते दाम पर प्रमाणित बीज खरीदे जा सकते हैं.
अगर आप भी रबी फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. किसान अपने नजदीकी कृषि विभाग के कार्यालय, सरकारी बीज भंडार और सहकारी समितियों से बीज प्राप्त कर सकते हैं.
कृषि विभाग के सरकारी बीज केंद्र पर करें संपर्क
रबी फसलों के बीज खरीदने के लिए किसान सबसे पहले अपने जिले के कृषि विभाग से संपर्क कर सकते हैं. लगभग हर जिले में कृषि विभाग के कार्यालय और सरकारी बीज भंडार होते हैं, जहां गेहूं, चना, मटर, मसूर और सरसों जैसी फसलों के बीज उपलब्ध कराए जाते हैं. यहां किसानों को प्रमाणित बीज मिल सकते हैं.
सहकारी समितियों से भी खरीद सकते हैं बीज
किसानों के लिए बीज खरीदने का एक दूसरा अच्छा विकल्प सहकारी समितियां भी हैं. गांवों और कस्बों में मौजूद सहकारी समितियों और किसान सेवा केंद्रों पर कई तरह के फसलों के बीज उपलब्ध कराए जाते हैं. उत्तर प्रदेश में पीसीएफ के किसान सेवा केंद्रों और सहकारी समितियों के जरिए भी किसानों को प्रमाणित बीज दिए जाते हैं.
ऑनलाइन भी बुक कर सकते हैं बीज
अब कई राज्यों में किसानों को बीज खरीदने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते. कृषि विभाग की वेबसाइट पर जाकर भी बीज की बुकिंग की जा सकती है. उदाहरण के लिए, उत्तर प्रदेश में किसान रबी सीजन 2026-27 के लिए कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriculture.up.gov.in पर बीज की बुकिंग कर सकते हैं. 
यह भी पढ़ें: मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना क्या है? किसानों को कैसे मिलेगा इसका लाभ
कृषि विज्ञान केंद्र से भी ले सकते हैं जानकारी
अगर किसान को अपने आसपास बीज की उपलब्धता के बारे में जानकारी नहीं है, तो वह नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में भी संपर्क कर सकता है. यहां कृषि वैज्ञानिक किसानों को फसल के हिसाब से सही किस्म के बीज चुनने की सलाह देते हैं. कई कृषि विज्ञान केंद्रों पर बीज और खेती से जुड़ी दूसरी जरूरी चीजें भी उपलब्ध कराई जाती हैं. किसान अपने जिले के कृषि विज्ञान केंद्र का पता और संपर्क नंबर आईसीएआर की वेबसाइट के जरिए भी खोज सकते हैं.
निजी दुकानों से बीज खरीदते समय रखें ध्यान
किसान चाहें तो अपने आसपास की लाइसेंस वाली बीज दुकानों से भी रबी फसलों के बीज खरीद सकते हैं. हालांकि, यहां से बीज लेते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. सबसे पहले बीज के पैकेट पर लगी सील, टैग, पैकिंग की तारीख और उसकी वैधता जरूर जांच लें.
यह भी पढ़ें: गोदामों में रिकॉर्ड पर गेहूं का स्टॉक, जानिए मार्केट में क्या है भाव?
