Wheat Stock India: गेहूं की कीमतों को लेकर इन दिनों बाजार में हलचल बनी हुई है. एक तरफ जहां सरकारी गोदामों में गेहूं का भंडार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, तो दूसरी तरफ मंडियों में इसके दाम कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं. आमतौर पर जब बाजार में अनाज की उपलब्धता ज्यादा होती है, तो कीमतों पर दबाव पड़ता है. लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग ही है.
सरकारी गोदामों में लाखों टन गेहूं होने के बावजूद बाजार में भाव 3,000 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास पहुंच गए हैं. ऐसे में सरकार खुले बाजार में गेहूं की बिक्री बढ़ाने पर विचार कर सकती है.
सरकारी गोदामों में कितना पहुंचा गेहूं का स्टॉक?
भारतीय खाद्य निगम (FCI) के आंकड़ों के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 को केंद्रीय पूल में गेहूं का कुल स्टॉक 447.60 लाख टन दर्ज किया गया. इसमें FCI और राज्य एजेंसियों के पास रखा गेहूं शामिल है. नवंबर की शुरुआत में यह अब तक का सबसे बड़ा भंडार बताया जा रहा है. इससे पहले साल 2021 में करीब 420 लाख टन गेहूं का स्टॉक दर्ज किया गया था.
वहीं, सितंबर की शुरुआत में सरकारी गोदामों में 479.92 लाख टन और अक्टूबर की शुरुआत में 463.16 लाख टन गेहूं मौजूद था. यानी नवंबर में भी सरकारी भंडार काफी मजबूत बना हुआ है.
टॉक ज्यादा, फिर भी मंडियों में महंगा गेहूं
सरकारी गोदामों में गेहूं का भंडार भले ही ज्यादा हो, लेकिन मंडियों में इसकी कीमतों में तेजी बनी हुई है. दिल्ली में 17 नवंबर को गेहूं का भाव 3,040 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया. जबकि 11 नवंबर को यही भाव 2,945 रुपये था. यानी महज पांच दिनों में कीमत 95 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई.
वहीं, 18 नवंबर के सरकारी मंडी आंकड़ों के मुताबिक, देश में गेहूं का औसत मंडी भाव करीब 2,800 रुपये प्रति क्विंटल रहा. अलग-अलग राज्यों में इसके दाम भी अलग हैं. उत्तर प्रदेश में करीब 2,600 रुपये, मध्य प्रदेश में 2,750 रुपये, राजस्थान में 2,847 रुपये और महाराष्ट्र में 3,000 रुपये प्रति क्विंटल का भाव दर्ज किया गया. हालांकि, मंडी और गेहूं की क्वालिटी के हिसाब से कीमत बदल सकती है.
यह भी पढ़ें: ड्रोन खरीदने के लिए मिलेंगे 8 लाख रुपये! महिलाओं को सरकार दे रही मदद
सरकार बढ़ा सकती है गेहूं की बिक्री
गेहूं की बढ़ती कीमतों को देखते हुए सरकार खुले बाजार बिक्री योजना (OMSS) के तहत गेहूं की सप्लाई बढ़ा सकती है. इस योजना में FCI अपने गोदामों से गेहूं निकालकर आटा मिलों और कारोबारियों को बेचता है. इससे बाजार में गेहूं की उपलब्धता बढ़ती है और कीमतों को काबू में रखने में मदद मिल सकती है.
फिलहाल FCI ने साप्ताहिक ई-नीलामी में गेहूं की बिक्री की मात्रा 1 लाख टन से बढ़ाकर 2 लाख टन कर दी है. इसके बावजूद बाजार में कीमतें ऊंची बनी हुई हैं.
नई फसल की बुवाई भी पिछड़ी
दूसरी तरफ गेहूं की नई फसल की बुवाई भी पिछले साल के मुकाबले पीछे चल रही है. कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 13 नवंबर तक देश में 50.07 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई थी, जबकि पिछले साल इसी समय तक 59.1 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी.
यह भी पढ़ें: वैज्ञानिक तरीके से करें गेहूं की खेती, कमाल की होगी फसल
