भारत में गुलाब की मांग केवल किसी एक खास मौके या अवसर पर नहीं होती. गुलाब की मांग सालभर बाजारों में बनी रहती है. यह शादियों, त्योहारों और सजावट के लिए भी इस्तेमाल किए जाते हैं. गुलाब अपनी मीठी खुशबू और सुंदरता के साथ-साथ किसानों के लिए आय का एक बेहतरीन विकल्प भी हो सकते हैं. अगर आप भी बागवानी कर बेहतर मुनाफा कमाना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं गुलाब की खेती के बारे में. गुलाब की खेती करते हुए कुछ सावधानी रखने से आप सालाना 4 से 8 लाख तक की कमाई कर सकते हैं.
सही मिट्टी का चुनाव करें
गुलाब की खेती करने के लिए ऐसी मिट्टी का चुनाव करना बेहतर होता है, जिसमें पानी ठहरता नहीं हो. खेत में पानी जमा होने से पौधें की जड़े सड़ने का खतरा रहता है. जिससे गुलाब प्रभावित हो सकते हैं. वहीं गुलाब की खेती के लिए दोमट मिट्टी सही होती है. आप अगर चाहें, तो खेती करने से पहले मिट्टी की जांच भी कर सकते हैं. मिट्टी की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए उसमे जैविक खाद मिलाना उचित होता है.
गुलाब की किस्म का करें चुनाव
बेहतर आय के लिए गुलाब की सही किस्म का चुनाव बेहद जरूरी है. अगर आप बाजार में सजावट व अन्य कामों के लिए गुलाब की खेती करना चाहते हैं, तो उसके लिए आपको गुलाब की अलग किस्म का चुनाव करना होगा. वहीं इत्र और गुलकंद में उपयोग होने वाली गुलाब की पत्तियों के लिए अलग किस्म का चुनाव करना होता है. साथ ही यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि खेती करने के लिए हमोशा स्वस्थ पौधों को चुनाव बेहतर उत्पादन देता है.
यह भी पढ़ें: घर की छत पर उगाई जा सकती है हरी प्याज, बस इन बातों का रखें ध्यान
पौधों की करें देखभाल
पौधें लगाने के बाद उनकी सही देखभाल करना भी जरूरी होता है. गुलाब के पौधों को समय-समय पर सिंचाई की आवश्यकता होती है. वहीं पौधों की जांच करने से कीड़े और खरपतवार का पता चलता है. नियमित देखभाल कर आप स्वस्थ गुलाब पा सकते हैं. गुलाब की खेती के लिए आमतौर पर सबसे अच्छा समय जुलाई-अगस्त यानी की मानसून और अक्टूबर-दिसंबर का समय माना जाता है. इस समय पौधों में बीमारियां लगने का खतरा कम रहता है.
एक एकड़ में होगी अच्छी कमाई
किसान के लिए केवल गुलाब की खेती करना ही काफी नहीं होता. खेती के साथ बेहतर आय के लिए मार्केट नेटवर्क की भी जरूरत होती है. आप स्थानीय मंडी के साथ-साथ किसी अच्छे इवेंट मैनेजर या डेकोरेटर से संपर्क कर के बढ़िया मुनाफा कमा सकते हैं. वहीं फूलों को ऑनलाइन प्लेटफार्म पर बेच कर भी आमदनी की जा सकती है. आमतौर पर गुलाब की कीमत बाजार में 40 से 80 रुपये प्रति किलो तक होती है. वहीं एक एकड़ में सालभर में 10 से 12 टन फूल मिलते हैं. यानी कि किसान एक एकड़ से 4 से 8 लाख तक की कमाई कर सकता है.
यह भी पढ़ें: घर पर बनाएं देसी ऑर्गेनिक खाद, फसल की होगी बेहतरीन ग्रोथ
