Poultry Farming: क्या आप भी मुर्गी पालन का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं? अगर हां तो ओडिशा सरकार की एक योजना आपके लिए बड़े काम की हो सकती है. राज्य सरकार अंडों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए आधुनिक पोल्ट्री फार्म खोलने वालों को 10 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी देने जा रही है. इस योजना का फायदा खास तौर पर उन उद्यमियों को मिलेगा, जो बड़े स्तर पर लेयर पोल्ट्री फार्म लगाना चाहते हैं. सरकार का लक्ष्य है कि, आने वाले सालों में राज्य में अंडों की कमी दूर हो और पोल्ट्री कारोबार को भी बढ़ावा मिले.
सरकार ने अंडा उत्पादन बढ़ाने के लिए कमर्शियल लेयर पोल्ट्री फार्मिंग योजना शुरू की है. इसकी शुरुआत मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मलिक ने की. इस योजना के तहत 25 हजार से ज्यादा पक्षियों की क्षमता वाले आधुनिक और ऑटोमैटिक लेयर व पुललेट फार्म लगाने पर 10 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी देने का प्रावधान है. लेयर फार्म में अंडे देने वाली मुर्गियां पाली जाती हैं, जबकि पुललेट फार्म में अंडे देने की उम्र तक पहुंचने वाली मुर्गियों को तैयार किया जाता है. बड़े फार्म लगाने के लिए उद्यमियों को बैंक से कर्ज लेना पड़ सकता है. ऐसे में सरकार ने ब्याज का बोझ कम करने के लिए ‘मिरर अकाउंट’ के जरिए अग्रिम सब्सिडी देने की भी बात कही है.
छोटे पोल्ट्री फार्म वालों के लिए भी मदद
सरकार की मदद सिर्फ बड़े कारोबारियों तक सीमित नहीं है. ओडिशा में 1,000 से 4,000 मुर्गियों की क्षमता वाले सेमी-कमर्शियल लेयर फार्म खोलने पर 50 से 60 फीसदी तक आर्थिक सहायता दी जा रही है. इसकी अधिकतम सीमा 19.74 लाख रुपये बताई गई है. वहीं, बत्तख पालन शुरू करने वालों को 2.64 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है. मुख्यमंत्री कृषि उद्योग योजना के तहत बड़े लेयर पोल्ट्री फार्म स्थापित करने के लिए भी 1 करोड़ रुपये तक की आर्थिक मदद का प्रावधान है. हालांकि, अलग-अलग योजनाओं में सहायता की रकम और पात्रता की शर्तें अलग हो सकती हैं.
घरों में मुर्गी पालन करने वालों को भी लाभ
ओडिशा सरकार घरों में मुर्गी पालन को भी बढ़ावा दे रही है. मंत्री के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में पशुधन समृद्धि योजना के तहत 43 हजार लाभार्थियों को घरों में मुर्गी पालन के लिए 100 फीसदी आर्थिक सहायता दी जा रही है. इससे छोटे स्तर पर मुर्गी पालन करने वाले परिवारों को भी मदद मिल सकती है. मंत्री ने बताया कि पिछले ढाई साल में राज्य के पोल्ट्री किसानों और कारोबारियों को करीब 512 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है. इस राशि से ब्रॉयलर और लेयर, दोनों तरह के फार्म स्थापित करने में मदद की गई है.
यह भी पढ़ें: डेयरी शुरू करने का मौका! सरकार दे रही 10 लाख रुपये तक की मदद, जानें
2036 तक 1,000 करोड़ अंडे उत्पादन का लक्ष्य
ओडिशा में फिलहाल रोजाना करीब 1.12 करोड़ अंडों का उत्पादन हो रहा है. इसके बावजूद राज्य में प्रति व्यक्ति सालाना औसतन 87 अंडे ही उपलब्ध हैं, जबकि देश का औसत 106 अंडे प्रति व्यक्ति है. सरकार का लक्ष्य 2029 तक राज्य में अंडों की उपलब्धता को राष्ट्रीय औसत के बराबर लाना है. इसके बाद 2036 तक सालाना 1,000 करोड़ अंडों का उत्पादन करने और देश के शीर्ष पांच अंडा उत्पादक राज्यों में जगह बनाने की दिशा में काम किया जाएगा.
अगर आप पोल्ट्री फार्म खोलने की योजना बना रहे हैं, तो निवेश करने से पहले संबंधित विभाग से योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और सब्सिडी की मौजूदा शर्तों की जानकारी जरूर लें.
यह भी पढ़ें: गेंदा फूल की खेती पर मिलेंगे 40,000 रुपये, किसान ऐसे उठाएं फायदा
