Agriculture

गेहूं की बुवाई के बाद कब करें पहली सिंचाई, जान लें किसान?

N
ABP News
October 11, 2026•3 min read
गेहूं की बुवाई के बाद कब करें पहली सिंचाई, जान लें किसान?

Gehun Ki Sinchai: खेत में गेहूं की फसल लहलहाने लगे, इसके लिए सिर्फ अच्छी किस्म का बीज बोना ही काफी नहीं होता है. बुवाई के बाद खेत में नमी को बनाए रखना और सही समय पर सिंचाई करना भी बेहद जरूरी होता है. कई बार किसान जल्दबाजी में बुवाई के कुछ दिन बाद ही खेत में पानी दे देते हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ किसान पहली सिंचाई में देर कर देते हैं. दोनों ही हाल में फसल की बढ़वार पर असर पड़ सकता है. ऐसे में सवाल है कि गेहूं बोने के कितने दिन बाद पहली सिंचाई करनी चाहिए और आगे कितनी बार पानी देना जरूरी है?

गेहूं की बुवाई के करीब 20 से 25 दिन बाद पहली सिंचाई करनी चाहिए. इस समय पौधों की जड़ों के पास नई शाखाएं निकलने लगती हैं. इसे कल्ले निकलने की अवस्था कहते हैं. इस दौरान खेत में पर्याप्त नमी रहने से पौधों की ग्रोथ अच्छी होती है और उनमें ज्यादा कल्ले निकलने में मदद मिलती है. आगे चलकर इन्हीं से बालियां बनती हैं.

पहली सिंचाई में देरी से क्या होगा?

गेहूं की शुरुआती बढ़वार के दौरान पानी की कमी होने पर पौधों का विकास प्रभावित हो सकता है. इससे कल्ले कम निकल सकते हैं और आगे चलकर बालियों की संख्या पर भी असर पड़ सकता है. दूसरी ओर, खेत में पहले से पर्याप्त नमी होने पर जरूरत से ज्यादा पानी देना भी ठीक नहीं है. इसलिए किसान खेत की स्थिति देखकर सिंचाई करें.

गेहूं में कितनी बार पानी देना चाहिए?

गेहूं की फसल में आमतौर पर 4 से 5 सिंचाइयों की जरूरत पड़ सकती है. इनका समय फसल की बढ़वार के हिसाब से तय किया जाता है.

  • पहली सिंचाई: बुवाई के 20 से 25 दिन बाद, जब कल्ले निकलने लगें.
  • दूसरी सिंचाई: बुवाई के करीब 40 से 45 दिन बाद.
  • तीसरी सिंचाई: करीब 60 से 65 दिन बाद, जब बालियां बनने की तैयारी शुरू होती है.
  • चौथी सिंचाई: करीब 85 से 90 दिन बाद, जब दाने भरने लगते हैं.
  • पांचवीं सिंचाई: जरूरत के हिसाब से. अगर खेत में नमी कम है और मौसम सूखा है, तभी पानी दें.

यह भी पढ़ें: कहीं नकली DAP तो नहीं ले आए, इन तरीकों से करें पहचान

बारिश और ठंड में इन बातों का रखें ध्यान

सर्दियों में अगर बारिश हो जाए, तो तुरंत सिंचाई करने की जरूरत नहीं होती. पहले खेत की नमी देख लें. वहीं, ठंडी और सूखी हवाओं के दौरान मिट्टी में नमी कम होने लगे, तो जरूरत के मुताबिक पानी दें. ध्यान रखें कि खेत में लंबे समय तक पानी जमा न रहे, क्योंकि इससे पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है.

सही समय पर पानी देने से बढ़ेगी पैदावार

गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए शुरुआत से ही फसल की जरूरत पर ध्यान देना जरूरी है. खासकर पहली सिंचाई में देरी न करें और आगे भी पौधों की अवस्था के हिसाब से पानी दें. सही समय पर सिंचाई करने से पौधों की बढ़वार, कल्ले निकलने और दाने भरने में मदद मिलती है. इससे फसल की उपज बेहतर रखने में सहायता मिल सकती है.

यह भी पढ़ें: अल नीनो बढ़ा रहा टेंशन, किसान अब इन फसलों पर लगाएं दांव

Topics & Tags:#Agriculture
गेहूं की बुवाई के बाद कब करें पहली सिंचाई, जान लें किसान? | Kisan Reporter