Agriculture

गन्ने का दाम बढ़कर 425 रुपये हुआ, किन किसानों को मिलेगा फायदा?

N
ABP News
October 11, 2026•3 min read
गन्ने का दाम बढ़कर 425 रुपये हुआ, किन किसानों को मिलेगा फायदा?

Sugarcane Purchase Rate 2025-26: गन्ने की फसल तैयार करने में किसान को कई महीने मेहनत करनी पड़ती है. खेत की तैयारी से लेकर बीज, खाद, सिंचाई, कटाई और ढुलाई तक हर कदम पर पैसा खर्च होता है. ऐसे में जब फसल बेचने का समय आता है तो किसान को उम्मीद रहती है कि उसकी मेहनत का सही दाम मिलेगा. छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों के लिए अब इसी से जुड़ी राहत की खबर आई है.

राज्य सरकार ने शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीद दर को बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने का फैसला लिया है. खास बात यह है कि इसका फायदा उन किसानों को भी मिलेगा, जो पेराई सत्र 2025-26 में अपना गन्ना बेच चुके हैं.

अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा गन्ना

छत्तीसगढ़ सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी फसल का बेहतर दाम देने के लिए यह फैसला लिया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद इसकी घोषणा की. गन्ने की खेती में किसानों को बीज, खाद, पानी, मजदूरी और कटाई पर काफी खर्च करना पड़ता है. ऐसे में खरीद दर बढ़ने से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, किसान की असल कमाई इस बात पर निर्भर करेगी कि उसने कितने क्विंटल गन्ने का उत्पादन किया और खेती में कुल कितना खर्च हुआ.

पहले गन्ना बेच चुके किसानों को भी मिलेगा फायदा

इस फैसले की सबसे खास बात यह है कि इसका लाभ सिर्फ आगे गन्ना बेचने वाले किसानों को ही नहीं मिलेगा. पेराई सत्र 2025-26 में जिन किसानों ने पहले ही शक्कर कारखानों को गन्ना बेच दिया है, उन्हें भी नई दर के हिसाब से भुगतान किया जाएगा. यानी अगर किसी किसान ने इस पेराई सत्र में अपना गन्ना बेच दिया है, तो वह भी बढ़ी हुई दर के लाभ के दायरे में आएगा. हालांकि, उसे कितनी अतिरिक्त रकम मिलेगी और भुगतान कब तक होगा, इसकी जानकारी संबंधित शक्कर कारखाने से लेनी चाहिए.

यह भी पढ़ें: PM Kisan: इन किसानों के खाते में नहीं आएंगे 2,000 रुपये? करें ये काम

किसान संघ से मुलाकात के बाद हुआ फैसला

गन्ने की खरीद दर बढ़ाने का फैसला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया. इस दौरान किसानों की समस्याओं और खेती से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. इसके बाद सरकार ने गन्ने की खरीद 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की घोषणा की. सरकार का कहना है कि किसानों की आमदनी बढ़ाना और खेती को फायदे का काम बनाना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है.

भुगतान की जानकारी कहां से लें?

गन्ना किसान अपनी भुगतान स्थिति और बढ़ी हुई दर के हिसाब से मिलने वाली रकम की जानकारी के लिए संबंधित शक्कर कारखाने से संपर्क कर सकते हैं. भुगतान की तारीख और प्रक्रिया को लेकर कारखाने से आधिकारिक जानकारी लेना बेहतर रहेगा.

यह भी पढ़ें: यहां के गन्ना किसानों के खाते में आएगा दिवाली बोनस! सरकार ने दी मंजूरी

Topics & Tags:#Agriculture
गन्ने का दाम बढ़कर 425 रुपये हुआ, किन किसानों को मिलेगा फायदा? | Kisan Reporter