Agriculture

Agricultural Input Subsidy: यूपी में कृषि इनपुट सब्सिडी क्या है, इसके लिए कैसे करें आवेदन?

N
ABP News
November 2, 2026•3 min read
Agricultural Input Subsidy: यूपी में कृषि इनपुट सब्सिडी क्या है, इसके लिए कैसे करें आवेदन?

Agricultural Input Subsidy: खेती में कभी मौसम साथ नहीं देता, तो कभी बीज, खाद और मशीनों का खर्च किसानों की परेशानी बढ़ा देता है. ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार किसानों को अलग-अलग योजनाओं के जरिए आर्थिक मदद देती है. इसे कृषि इनपुट सब्सिडी या कृषि सहायता कहा जाता है. लेकिन कई किसान इन दोनों के मतलब को एक ही समझ लेते हैं.

दरअसल, फसल खराब होने पर मिलने वाली मदद और खेती के सामान खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी अलग-अलग होती है. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि किसान इनका फायदा कैसे उठा सकते हैं.

फसल खराब होने पर मिल सकती है आर्थिक मदद

अगर बाढ़, सूखा, भारी बारिश या किसी दूसरी प्राकृतिक आपदा की वजह से किसान की फसल खराब हो जाती है, तो उसे सरकार की ओर से आर्थिक मदद मिल सकती है. यह मदद राज्य सरकार के आपदा राहत नियमों के तहत दी जाती है. हालांकि, इसके लिए नुकसान का कारण सरकार की ओर से तय प्राकृतिक आपदा के दायरे में होना जरूरी है. किसान को मिलने वाली मदद की रकम इस बात पर निर्भर करती है कि कौन-सी फसल को कितना नुकसान हुआ है और कितने क्षेत्र में फसल प्रभावित हुई है. अलग-अलग तरह की फसलों के लिए सहायता के नियम भी अलग हो सकते हैं.

मुआवजे के लिए कहां करें संपर्क?

अगर आपकी फसल प्राकृतिक आपदा से खराब हुई है, तो सबसे पहले अपने इलाके की तहसील या जिला प्रशासन से संपर्क करें. वहां पटवारी, लेखपाल या संबंधित अधिकारी को फसल के नुकसान की जानकारी दें. इसके बाद सरकारी नियमों के अनुसार खेत और फसल को हुए नुकसान की जांच की जाती है.

किसान अपने पास आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, जमीन की खतौनी और किसान से जुड़ी जरूरी जानकारी तैयार रखें. फसल के नुकसान की तस्वीरें भी संभालकर रखें.

यह भी पढ़ें: किसानों को 15000 प्रति एकड़ देगी सरकार, बस पूरी करनी होगी ये शर्त

बीज, खाद और मशीनों पर भी सब्सिडी

कृषि इनपुट सब्सिडी का दूसरा मतलब खेती में इस्तेमाल होने वाली चीजों पर मिलने वाली सरकारी छूट या मदद है. इसके तहत अलग-अलग योजनाओं में किसानों को बीज, खाद, कृषि यंत्र और दूसरे उपकरण खरीदने पर सब्सिडी मिल सकती है. हालांकि, हर योजना की पात्रता, सब्सिडी की रकम और आवेदन की तारीख अलग होती है. योजनाओं की जानकारी के लिए किसान उत्तर प्रदेश कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं.

आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान

किसी भी योजना में आवेदन करने से पहले यह जरूर जांच लें कि आप उसके लिए पात्र हैं या नहीं. साथ ही, जरूरी कागजात और बैंक खाते की जानकारी सही रखें. फसल नुकसान की मदद और खेती के सामान पर मिलने वाली सब्सिडी के लिए अलग-अलग नियम होते हैं. इसलिए सही योजना की जानकारी लेकर ही आवेदन करें, ताकि सरकारी मदद मिलने में परेशानी न हो.

यह भी पढ़ें: आलू किसानों की दिवाली होगी खास! सरकार ने तैयार किया मुआवजा पैकेज

Topics & Tags:#Agriculture
Agricultural Input Subsidy: यूपी में कृषि इनपुट सब्सिडी क्या है, इसके लिए कैसे करें आवेदन? | Kisan Reporter