Agriculture

UP Wheat Seed: 47 रुपये किलो में मिलेगा गेहूं का प्रमाणित बीज, यूपी के किसान ऐसे उठाएं फायदा

N
ABP News
November 2, 2026•3 min read
UP Wheat Seed: 47 रुपये किलो में मिलेगा गेहूं का प्रमाणित बीज, यूपी के किसान ऐसे उठाएं फायदा

UP Wheat Seed: रबी सीजन की शुरुआत हो चुकी है. ऐसे में किसान गेहूं की बुवाई में लग गए है. इसी बीच यूपी के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कृषि विभाग के सरकारी बीज गोदामों पर गेहूं की उन्नत किस्मों के प्रमाणित बीज मिलने शुरू हो गए हैं. किसान अपनी जरूरत और खेत की स्थिति के हिसाब से इन किस्मों का चुनाव कर सकते हैं.

इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि, इन बीजों के लिए सरकार ने 4,738 रुपये प्रति क्विंटल की दर तय की है. यानी एक किलो बीज लगभग 47.38 रुपये में मिलेगा. किसान घर बैठे कृषि विभाग के पोर्टल से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं.

सरकारी बीज गोदामों पर मिल रही गेहूं की ये किस्में

कृषि विभाग की ओर से मिर्जापुर जिले के सभी 12 विकासखंडों में स्थित सरकारी बीज गोदामों पर गेहूं के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए गए हैं. इनमें DBW 187, DBW 303, DBW 332, DBW 327, DBW 222 और DBW 316 जैसी किस्में शामिल हैं. इसके अलावा HD 3271 और HD 3406 के बीज भी मिल रहे हैं. किसान अपने खेत की मिट्टी, सिंचाई की सुविधा और इलाके के मौसम को ध्यान में रखकर किस्म चुन सकते हैं.

4,738 रुपये क्विंटल है बीज की सरकारी कीमत

कृषि विभाग ने इन सभी किस्मों के प्रमाणित बीज का सरकारी रेट 4,738 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. इस हिसाब से एक किलो बीज की कीमत करीब 47.38 रुपये होगी. किसान इसी सरकारी दर पर बीज खरीद सकते हैं. प्रमाणित बीज इस्तेमाल करने से अच्छी फसल तैयार करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, सिर्फ अच्छे बीज से ही ज्यादा पैदावार की गारंटी नहीं होती. समय पर बुवाई, खाद, पानी और फसल की सही देखभाल भी जरूरी है.

यह भी पढ़ें: गेहूं की ज्यादा पैदावार के लिए बोएं ये किस्में, ICAR ने जारी की सलाह

68,870 पैकेट बांटने का लक्ष्य

कृषि विभाग के मुताबिक, मिर्जापुर जिले में किसानों को गेहूं के 68,870 पैकेट बांटने का लक्ष्य रखा गया है. इसमें से अब तक 44,227 पैकेट की बुकिंग हो चुकी है. यानी करीब 24 हजार पैकेट का लक्ष्य अभी बाकी है. किसान बीज की उपलब्धता के हिसाब से बुकिंग करा सकते हैं.

कृषि पोर्टल से ऐसे करें बीज की बुकिंग

सरकारी दर पर गेहूं का प्रमाणित बीज लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी. इसके लिए पंजीकृत किसान अपने एंड्रॉयड मोबाइल से पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. अगर मोबाइल से बुकिंग करने में परेशानी हो रही है, तो किसान अपने नजदीकी सरकारी बीज गोदाम पहुंच सकते हैं.

यह भी पढ़ें: यूपी में कृषि इनपुट सब्सिडी क्या है, इसके लिए कैसे करें आवेदन?

Topics & Tags:#Agriculture
UP Wheat Seed: 47 रुपये किलो में मिलेगा गेहूं का प्रमाणित बीज, यूपी के किसान ऐसे उठाएं फायदा | Kisan Reporter