खेती करना आसान काम नहीं है. किसान फसल तैयार करने के लिए महीनों तक मेहनत करते हैं. खाद, बीज, सिंचाई से लेकर फसल की देखभाल तक हर चीज का ध्यान रखते हैं. लेकिन कई बार खेत में लगने वाले चूहे उनकी इस मेहनत पर पानी फेर देते हैं. खासकर फसल की बुवाई से लेकर कटाई तक चूहे अलग-अलग तरीकों से नुकसान पहुंचाते हैं. ये खेत में बिल बनाकर पौधों की जड़ों को काट देते हैं, खड़ी फसल के तनों को नुकसान पहुंचाते हैं और पकने के बाद बालियों तथा अनाज को खा जाते हैं.
इतना ही नहीं, खेत में चूहों की संख्या बढ़ने पर अनाज का भंडारण भी प्रभावित हो सकती है. ऐसे में किसानों के लिए जरूरी है कि समय रहते चूहों की पहचान कर उन्हें रोकने के लिए उपाय अपनाएं. ऐसे में आइए जानते हैं खेत में चूहों से छुटकारा पाने के आसान उपायों के बारे में.
खेत में बिलों की पहचान करें
चूहों से फसल बचाने का सबसे पहला तरीका खेत में उनके बिलों की पहचान करना है. खेत में जहां मिट्टी के छोटे-छोटे ढेर दिखाई दें या जमीन में छेद नजर आएं, वहां चूहों की मौजूदगी हो सकती है. खासकर खेत की मेड़ों, नालियों और झाड़ियों के आसपास चूहे अधिक बिल बनाते हैं. किसानों को समय-समय पर खेत का निरीक्षण करना चाहिए. बिलों की पहचान के बाद उन्हें बंद करने और चूहों की संख्या नियंत्रित करने के उपाय अपनाने चाहिए.
खेत की मेड़ों को रखें साफ
खेत की मेड़ों पर घास, झाड़ियां और खरपतवार उगने से चूहों को छिपने की जगह मिल जाती है. ये झाड़ियां उनके लिए भोजन और सुरक्षित ठिकाने का काम करती हैं. इसलिए किसानों को खेत की मेड़ों और आसपास के खाली हिस्सों की नियमित सफाई करनी चाहिए. खरपतवार हटाने और खेत में गिरे हुए अनाज को साफ रखने से चूहों को भोजन और छिपने की जगह कम मिलती है.
यह भी पढ़ें: Turmeric Farming: हल्दी की खेती कैसे होती है, इसके लिए कौन सी मिट्टी सबसे अच्छी?
चूहों को पकड़ने के लिए लगाएं ट्रैप
खेत में चूहों की संख्या कम करने के लिए ट्रैप यानी चूहे पकड़ने वाले पिंजरों का इस्तेमाल किया जा सकता है. इन्हें उन जगहों पर लगाना चाहिए जहां चूहों की गतिविधियां ज्यादा दिखाई देती हैं. ट्रैप को बिलों के आसपास या चूहों के आने-जाने वाले रास्तों पर रखें. इन्हें नियमित रूप से जांचना भी जरूरी है. पकड़े गए चूहों को सुरक्षित तरीके से हटाएं और बच्चों तथा पालतू जानवरों की पहुंच से ट्रैप को दूर रखें.
फसल की कटाई के बाद न छोड़ें अनाज
फसल कटने के बाद खेत में बिखरे दाने और फसल के अवशेष चूहों को भोजन उपलब्ध कराते हैं. इससे खेत में उनकी संख्या बढ़ सकती है. इसलिए कटाई के बाद खेत की सफाई करें और बचे हुए अनाज को इकट्ठा कर सुरक्षित स्थान पर रखें. अनाज के भंडारण के लिए मजबूत और बंद डिब्बों का इस्तेमाल करें. गोदाम में भी नियमित सफाई करते रहें. जिससे चूहें किसी चीज को नुकसान न पहुंचा पाएं.
रासायनिक उपायों को अपनाएं
कई बार चूहों की संख्या इतनी बढ़ जाती है कि सामान्य उपायों से उन्हें नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है. ऐसी स्थिति में रासायनिक उपायों को अपनाया जा सकता है. लेकिन इनके इस्तेमाल में विशेष सावधानी रखना जरूरी होता है. जहरीले चारा या रसायनों का इस्तेमाल उत्पाद के लेबल पर दिए गए निर्देशों के अनुसार ही करें. खुले में जहर डालने से दूसरे जानवरों, पक्षियों और बच्चों को नुकसान पहुंच सकता है. इसलिए इसका इस्तेमाल बेहद सावधानी के साथ ही करें.
यह भी पढ़ें: Water Chestnut Farming: अपना तालाब नहीं है तो भी करें सिंघाड़े की खेती, जानें कैसे होगी कमाई
